नेपाल में 26 सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म बैन, फेसबुक-यूट्यूब-व्हाट्सऐप पर भी रोक
नेपाल में 26 सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म बैन, फेसबुक-यूट्यूब-व्हाट्सऐप पर भी रोक
नेपाल सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए 26 सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को ब्लॉक कर दिया है। इसमें फेसबुक, इंस्टाग्राम, यूट्यूब, व्हाट्सऐप, एक्स (पहले ट्विटर), लिंक्डइन और स्नैपचैट जैसे बड़े प्लेटफॉर्म भी शामिल हैं। नेपाल दूरसंचार प्राधिकरण (NTA) ने 4 सितंबर से यह आदेश लागू किया।
दरअसल, सुप्रीम कोर्ट के निर्देश और 28 अगस्त को जारी सात दिन की समयसीमा के बाद यह कार्रवाई की गई। सरकार ने सभी प्लेटफॉर्म्स को देश में पंजीकरण कराने का आदेश दिया था, लेकिन सिर्फ कुछ ही ऐप्स जैसे टिकटॉक, वाइबर और वीटॉक ने नियमों का पालन किया। बाकी पर प्रतिबंध लगा दिया गया।
अधिकारियों का कहना है कि इस कदम का मकसद साइबर अपराध, फर्जी अकाउंट्स और गलत सूचना पर रोक लगाना है। हालांकि, पत्रकारों और मानवाधिकार समूहों ने इस फैसले की आलोचना की है। उनका कहना है कि यह कदम अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोगों की सूचना तक पहुंच को गंभीर रूप से प्रभावित करेगा।
नेपाल में यह फैसला फिलहाल बहस का विषय बना हुआ है, जहां सरकार इसे सुरक्षा के लिहाज़ से जरूरी बता रही है, वहीं समाज के बड़े हिस्से को यह लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला लग रहा है।