खिलाड़ी की मौत के बाद MP में बढ़ी हलचल…

Updated on 2025-11-21T16:20:39+05:30

खिलाड़ी की मौत के बाद MP में बढ़ी हलचल…

खिलाड़ी की मौत के बाद MP में बढ़ी हलचल…

मध्य प्रदेश में इंटरनेशनल जु-जित्सु खिलाड़ी रोहिणी कलम की संदिग्ध मौत के मामले ने बड़ा मोड़ ले लिया है। पुलिस ने राज्य की जु-जित्सु संगठन के एक सीनियर अधिकारी को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। इस गिरफ्तारी के बाद खेल जगत से लेकर राजनीतिक हलकों तक मामला गरमाता जा रहा है।

रोहिणी कलम कुछ दिन पहले अपने घर में मृत मिली थीं, और शुरुआती जांच में सामने आया कि वह लंबे समय से मानसिक दबाव में थीं। परिवार ने संगठन के कुछ अधिकारियों पर शोषण, धमकी और टॉर्चर का आरोप लगाया था। सोशल मीडिया पर भी रोहिणी के कुछ पुराने संदेश वायरल हुए, जिनमें उन्होंने कथित तौर पर बड़े स्तर पर उत्पीड़न की बात कही थी।

परिवार अब इस मामले की CBI जांच की मांग कर रहा है। उनका कहना है कि खेल संघ के भीतर कई लोगों की भूमिका संदिग्ध है और राज्य स्तर की जांच से सच सामने नहीं आ पाएगा। खिलाड़ियों और खेल संगठनों से जुड़े कई लोगों ने भी रोहिणी को न्याय दिलाने की मांग उठाई है।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस का कहना है कि सबूतों के आधार पर कार्रवाई की गई है और आगे भी जांच जारी रहेगी। वहीं, खेल संगठन ने खुद को इन आरोपों से अलग बताते हुए कहा है कि वे जांच में पूरा सहयोग करेंगे।

रोहिणी की मौत ने भारतीय खेल जगत के उस दर्दनाक पहलू को फिर सामने ला दिया है जहां कई खिलाड़ी मानसिक दबाव, बदसलूकी और पक्षपात की वजह से टूट जाते हैं। इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा किया है कि क्या हमारे खिलाड़ियों की सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर सिस्टम वाकई तैयार है।