दिल्ली में AI summit…. कई सड़कों पर ट्रैफिक रहेगा प्रभावित
दिल्ली में AI summit…. कई सड़कों पर ट्रैफिक रहेगा प्रभावित
राजधानी दिल्ली में आज से शुरू हो रहे AI Impact Summit के कारण यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार 16 से 20 फरवरी तक भारत मंडपम में होने वाले इस आयोजन के लिए मल्टी-एजेंसी सुरक्षा योजना लागू की गई है, जिसके चलते कई प्रमुख सड़कों पर आम वाहनों की आवाजाही सीमित या प्रभावित रहेगी।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर बताया है कि जिन वाहनों का गंतव्य दिल्ली नहीं है, उन्हें अनिवार्य रूप से ईस्टर्न और वेस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे सहित वैकल्पिक मार्गों की ओर मोड़ा जाएगा। ऐसे वाहनों को शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
बताया जा रहा है कि कर्तव्य पथ, जनपथ, अकबर रोड, तीन मूर्ति मार्ग, संसद मार्ग, बाबा खरक सिंह मार्ग, कनॉट प्लेस का आउटर सर्कल, तिलक मार्ग, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, सी-हेक्सागन, मथुरा रोड, लोदी रोड, पुराना किला रोड, अफ्रीका एवेन्यू, सरदार पटेल मार्ग, शांति पथ, अरविंदो मार्ग (एम्स स्ट्रेच), राव तुला राम मार्ग, रिंग रोड और एनएच-48 के कुछ हिस्सों पर वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान यातायात प्रभावित रह सकता है।
प्रशासन का कहना है कि यात्रियों को हवाई अड्डों और रेलवे स्टेशनों तक पहुंच सुनिश्चित की जाएगी, लेकिन उन्हें वैकल्पिक मार्ग अपनाने और पर्याप्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है। इस बीच बस सेवाओं को जरूरत के अनुसार डायवर्ट किया जाएगा, जबकि सभी मेट्रो सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहेंगी। ऑटो और टैक्सी को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करने की अनुमति होगी।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत 4 हजार से अधिक कर्मियों को 10 जोन में तैनात किया गया है और भारत मंडपम, सुषमा स्वराज भवन तथा हैदराबाद हाउस के आसपास निगरानी बढ़ाई गई है। एंटी-ड्रोन सिस्टम, साइबर सर्विलांस और रैपिड रिस्पॉन्स टीम भी सक्रिय की गई हैं।
वहीं दूसरी ओर बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए विशेष इंतजाम किए गए हैं। वीआईपी रूट पर पड़ने वाले 10 स्कूलों के छात्रों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए अधिकारियों को आवश्यक सहायता देने के निर्देश दिए गए हैं। छात्रों और अभिभावकों को समय से पहले घर से निकलने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें ताकि सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन सुचारु रूप से संचालित हो सके।
यह भी पढ़े