अलवर: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, कार में आग से 5 की दर्दनाक मौत
अलवर: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, कार में आग से 5 की दर्दनाक मौत
राजस्थान के अलवर जिले से एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जहां दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर चलती कार अचानक आग का गोला बन गई. इस भीषण हादसे में कार सवार पांच लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि ड्राइवर किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहा, लेकिन वह भी 80 फीसदी तक झुलस गया है. हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
वैष्णो देवी से लौट रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक, कार में सवार सभी लोग मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के रहने वाले थे. परिवार जम्मू-कश्मीर में माता वैष्णो देवी के दर्शन कर घर लौट रहा था. बुधवार देर रात जब उनकी कार अलवर के लक्ष्मणगढ़ इलाके से गुजर रही थी, तभी अचानक चलते वाहन में आग लग गई. किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला.
5 लोग जिंदा जले, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान
हादसा इतना भयानक था कि कुछ ही मिनटों में पूरी कार आग की लपटों में घिर गई. कार में तीन महिलाएं, एक पुरुष और एक मासूम बच्ची सवार थे, जो बाहर नहीं निकल सके और जिंदा जल गए. ड्राइवर ने किसी तरह दरवाजा खोलकर बाहर छलांग लगाई, लेकिन वह भी बुरी तरह झुलस गया. उसकी हालत गंभीर बनी हुई है.
मौके पर मचा हड़कंप
घटना की सूचना मिलते ही NHAI की पेट्रोलिंग टीम, एंबुलेंस, पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी. पुलिस ने शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
आग लगने की वजह अब भी रहस्य
सबसे बड़ा सवाल यही है कि चलती कार में अचानक आग कैसे लगी? शुरुआती जांच में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, लेकिन अभी तक स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है. जांच टीम कार के इंजन, वायरिंग और फ्यूल सिस्टम की पड़ताल कर रही है.
हाईवे पर सफर से पहले जरूर बरतें सावधानी
यह हादसा एक बार फिर बता गया कि लंबी यात्रा से पहले गाड़ी की पूरी सर्विसिंग कितनी जरूरी है. एक्सपर्ट्स का कहना है कि इंजन, वायरिंग, फ्यूल पाइप और बैटरी की जांच जरूर करानी चाहिए. साथ ही कार में छोटा फायर एक्सटिंग्विशर रखना भी बेहद जरूरी है. छोटी लापरवाही कभी-कभी जानलेवा बन जाती है.
यह भी पढ़े