सुबह खाली पेट त्रिफला, गिलोय, शहद और हल्दी का पानी पीने के फायदे
सुबह खाली पेट त्रिफला, गिलोय, शहद और हल्दी का पानी पीने के फायदे
गर्मियों की शुरुआत, खासकर मार्च के महीने में कई लोगों को सुस्ती, कमजोरी और बेचैनी महसूस होने लगती है। आमतौर पर इसे मौसम के बदलाव का असर माना जाता है, लेकिन कई बार शरीर में टॉक्सिन (विषैले तत्व) बढ़ने की वजह से भी ऐसा हो सकता है। आयुर्वेद के अनुसार जब शरीर में ‘आम’ यानी टॉक्सिन बढ़ जाते हैं, तो शरीर थका हुआ और कमजोर महसूस करने लगता है।
आयुर्वेद में शरीर को डिटॉक्स करने के कई तरीके बताए गए हैं। इन्हीं में से एक आसान उपाय त्रिफला, गिलोय, शहद और हल्दी को गुनगुने पानी में मिलाकर सुबह खाली पेट पीना माना जाता है। इस मिश्रण की खास बात यह है कि इसकी सभी सामग्री घर की रसोई में आसानी से मिल जाती हैं।
आयुर्वेदिक मान्यताओं के अनुसार त्रिफला, गिलोय और हल्दी जैसे पारंपरिक तत्व पाचन तंत्र, आंतों और लिवर के संतुलन को बनाए रखने में मदद कर सकते हैं। जब पाचन तंत्र सही तरीके से काम करता है, तो शरीर की प्राकृतिक सफाई प्रक्रिया भी बेहतर होती है, जिससे शरीर हल्का और सक्रिय महसूस करता है।
त्रिफला को आंतों की सफाई और पाचन सुधारने में सहायक माना जाता है। वहीं गिलोय को आयुर्वेद में त्रिदोषों को संतुलित करने वाला माना गया है, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मदद कर सकता है। शहद आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियों के प्रभाव को बढ़ाने में सहायक माना जाता है, जबकि हल्दी शरीर की प्रतिरोधक क्षमता मजबूत करने और हानिकारक बैक्टीरिया को दूर रखने में मददगार मानी जाती है।
हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि गर्भवती महिलाओं, जोड़ों की समस्या से जूझ रहे लोगों और बच्चों को इस तरह के औषधीय मिश्रण का सेवन करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए।
यह भी पढ़े
Benefits Of Eating Raw Onion: गर्मी के मौसम में कच्चा प्याज खाने के फायदे, सेहत को मिलते हैं कई लाभ