शेख हसीना पर आज बड़ा फैसला, ढाका में हाई अलर्ट जारी
शेख हसीना पर आज बड़ा फैसला, ढाका में हाई अलर्ट जारी
बांग्लादेश में इस वक्त हालात काफी तनावपूर्ण हैं. पद से हटाई जा चुकीं पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के खिलाफ दर्ज मामलों पर अंतर्राष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण (ICT) का फैसला आज (17 नवंबर) आने वाला है. फैसले से पहले हसीना की पार्टी आवामी लीग ने देशभर में बंद बुला दिया है. यह बंद तब बुलाया गया है जब यूनुस सरकार पहले से ही उनकी पार्टी की गतिविधियों पर रोक लगा चुकी है. इसी वजह से पूरे देश में हाई अलर्ट है.
इधर शेख हसीना का एक ऑडियो मैसेज वायरल हुआ है, जिसमें उन्होंने अपने समर्थकों से आंदोलन तेज करने की अपील की है. इसके कुछ ही समय बाद ढाका में तीन देसी बम धमाकों की खबरें आईं—दो धमाके सैयदा रिजवाना हसन के घर के बाहर और एक करवान बाजार में. अच्छी बात यह है कि कोई घायल नहीं हुआ.
हिंसा रोकने के लिए पुलिस को गोली चलाने का आदेश
ढाका पुलिस कमिश्नर शेख मोहम्मद सज्जाद अली ने आदेश दिया है कि अगर कोई पुलिस पर हमला करे या हिंसा फैलाए तो जरूरत पड़ने पर उस पर गोली चलाई जा सकती है. फैसले से पहले ढाका में सुरक्षा काफी बढ़ा दी गई है.
शेख हसीना पर आरोप क्या हैं?
आज जिस केस पर फैसला आएगा, उसमें शेख हसीना, पूर्व गृह मंत्री असदुज्जामान खान और पूर्व पुलिस महानिरीक्षक अब्दुल्ला अल–मामुन पर आरोप है कि जुलाई–अगस्त 2024 के छात्र आंदोलन के दौरान उन्होंने ऐसे कदम उठाए जिससे हिंसा बढ़ी और मानवता के खिलाफ अपराध हुए. इस केस की सुनवाई 23 अक्टूबर को खत्म हुई थी.
शहरों में सन्नाटा
बंद की वजह से कई शहर शांत रहे. सड़कें खाली दिखीं, बाजार देर से खुले और लोग घरों में रहे. पार्टी की गतिविधियों पर रोक होने की वजह से आवामी लीग के नेता अब सोशल मीडिया के जरिए ही संदेश भेज रहे हैं.
हसीना का कहना—सारे आरोप झूठे
शेख हसीना ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को गलत बताया है. लेकिन लगातार बढ़ते तनाव के बीच बांग्लादेश एक बेहद नाजुक दौर से गुजर रहा है.
ये भी पढ़ें-