महाराष्ट्र में बर्ड फ्लू का कहर, 1.40 लाख मुर्गियां मारी जाएंगी

Updated on 2026-05-01T12:03:17+05:30

महाराष्ट्र में बर्ड फ्लू का कहर, 1.40 लाख मुर्गियां मारी जाएंगी

महाराष्ट्र में बर्ड फ्लू का कहर, 1.40 लाख मुर्गियां मारी जाएंगी

देश में एक बार फिर बर्ड फ्लू का खतरा तेजी से बढ़ता नजर आ रहा है. महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले के नवापुर में एवियन इन्फ्लुएंजा की पुष्टि होने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है. संक्रमण इतना गंभीर माना जा रहा है कि करीब 1 लाख 40 हजार मुर्गियों को मारने का आदेश जारी कर दिया गया है. शुक्रवार से संक्रमित और संदिग्ध मुर्गियों को वैज्ञानिक तरीके से खत्म करने की कार्रवाई शुरू होगी.

तीन पोल्ट्री फार्म की रिपोर्ट आई पॉजिटिव

नवापुर तालुका के तीन पोल्ट्री फार्म से मुर्गियों के सैंपल जांच के लिए इंदौर लैब भेजे गए थे. जांच रिपोर्ट में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है. दरअसल 12 और 13 अप्रैल को कई मुर्गियों की अचानक मौत हुई थी, जिसके बाद प्रशासन सतर्क हुआ और सैंपलिंग कराई गई. रिपोर्ट पॉजिटिव आते ही जिला प्रशासन ने इमरजेंसी मोड में कार्रवाई शुरू कर दी.

1 किलोमीटर दायरे की सभी मुर्गियां होंगी खत्म

जिन पोल्ट्री फार्म में संक्रमण मिला है, उनके आसपास 1 किलोमीटर के दायरे में आने वाली सभी मुर्गियों को भी मारा जाएगा ताकि वायरस आगे न फैल सके. इस पूरे दायरे में 6 पोल्ट्री फार्म मौजूद हैं, जहां कुल लगभग 1.40 लाख मुर्गियां हैं. प्रशासन का कहना है कि यह कदम संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए जरूरी है.

5 किलोमीटर तक हाई अलर्ट, बफर जोन घोषित

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए 3 किलोमीटर का कंटेनमेंट जोन और 5 किलोमीटर का बफर जोन बनाया गया है. इस इलाके में पोल्ट्री मूवमेंट, अंडों की सप्लाई और पक्षियों के ट्रांसपोर्ट पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी. गुजरात सीमा से सटे इस क्षेत्र में करीब 10 लाख मुर्गियां मौजूद हैं, ऐसे में संक्रमण फैलने का खतरा काफी बड़ा माना जा रहा है.

प्रशासन ने जारी की चेतावनी

पशुपालन विभाग ने लोगों से अपील की है कि अंडे और चिकन के सेवन को लेकर सरकारी गाइडलाइन का पालन करें. साथ ही आसपास के जिलों को भी अलर्ट पर रखा गया है. प्रशासन ने साफ कहा है कि लापरवाही बरतने वाले पोल्ट्री फार्म संचालकों पर सख्त कार्रवाई होगी.

पहले भी झेल चुका है नवापुर यह संकट

नवापुर में यह पहला मामला नहीं है. इससे पहले 2006 और 2021 में भी यहां बर्ड फ्लू का प्रकोप सामने आ चुका है, जब लाखों मुर्गियों और अंडों को नष्ट करना पड़ा था. एक बार फिर वही डर लौट आया है और पोल्ट्री कारोबार पर बड़ा संकट मंडरा रहा है.

यह भी पढ़े 

सचिन पायलट पर टिप्पणी से भड़की कांग्रेस, BJP को दी खुली चेतावनी