CBSE सेकंड बोर्ड परीक्षा शुरू, जानिए रिजल्ट कब होगा जारी?

Updated on 2026-05-15T17:19:59+05:30

CBSE सेकंड बोर्ड परीक्षा शुरू, जानिए रिजल्ट कब होगा जारी?

CBSE सेकंड बोर्ड परीक्षा शुरू, जानिए रिजल्ट कब होगा जारी?

सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा का दूसरा चरण 15 मई से शुरू हो गया है. परीक्षा की शुरुआत मैथ्स पेपर से हुई, जबकि आखिरी परीक्षा 21 मई को सोशल साइंस की होगी. इस बार 6.68 लाख से ज्यादा छात्रों ने सेकंड बोर्ड एग्जाम के लिए आवेदन किया है, जिससे यह परीक्षा देशभर में चर्चा का बड़ा विषय बन गई है.

इम्प्रूवमेंट और कंपार्टमेंट छात्रों की भारी संख्या

बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, 5.25 लाख से ज्यादा छात्रों ने इम्प्रूवमेंट कैटेगरी में आवेदन किया है, जबकि 85 हजार से ज्यादा छात्र कंपार्टमेंट परीक्षा दे रहे हैं. वहीं करीब 58 हजार छात्रों ने दोनों विकल्प चुने हैं. इससे साफ है कि इस बार बड़ी संख्या में छात्र अपने मार्क्स सुधारने की कोशिश में जुटे हैं.

इन तारीखों पर होंगे बड़े पेपर

16 मई को अंग्रेजी भाषा और साहित्य की परीक्षा आयोजित होगी. इसके बाद 19 मई को हिंदी, उर्दू, पंजाबी, बंगाली, तमिल, तेलुगु, मराठी और कई अन्य भाषाओं के पेपर होंगे. 20 मई को संस्कृत, पेंटिंग, आईटी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की परीक्षाएं होंगी. आखिरी दिन यानी 21 मई को सोशल साइंस का पेपर आयोजित किया जाएगा.

क्यों शुरू किया गया दो बोर्ड परीक्षा सिस्टम?

सीबीएसई ने 2026 सत्र से कक्षा 10वीं के छात्रों के लिए दो बोर्ड परीक्षा सिस्टम लागू किया है. फरवरी में होने वाली परीक्षा अनिवार्य रखी गई थी, जबकि मई वाला दूसरा चरण वैकल्पिक है. इसका मकसद छात्रों को अपने नंबर सुधारने और फेल विषयों में दोबारा मौका देने का है.

छात्र अधिकतम तीन विषयों में सेकंड बोर्ड परीक्षा दे सकते हैं. खास बात यह है कि अगर दूसरे एग्जाम में ज्यादा नंबर आते हैं, तो वही फाइनल माने जाएंगे. लेकिन अगर अंक कम आते हैं, तो पहले परीक्षा के नंबर ही सुरक्षित रहेंगे.

रिजल्ट का इंतजार कब खत्म होगा?

सीबीएसई के अनुसार, सेकंड बोर्ड परीक्षा खत्म होने के करीब एक महीने के भीतर रिजल्ट जारी किए जा सकते हैं. ऐसे में जून के आखिर तक छात्रों का इंतजार खत्म होने की संभावना है. रिजल्ट आने के बाद छात्र आगे की पढ़ाई और स्कूल एडमिशन से जुड़ी प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे.

यह भी पढ़े  

JEE पास, लेकिन 12वीं में फंसे छात्र! अब कैसे मिलेगा बीटेक?