गर्मियों में खिलेंगे रंग-बिरंगे फूल, जानिए बेस्ट पौधे कौन से
गर्मियों में खिलेंगे रंग-बिरंगे फूल, जानिए बेस्ट पौधे कौन से
गर्मी का मौसम आते ही अक्सर लोगों की शिकायत होती है कि उनके गार्डन के पौधे सूखने लगते हैं और फूल कम हो जाते हैं. तेज धूप और बढ़ते तापमान की वजह से कई नाजुक पौधे टिक नहीं पाते. लेकिन अगर सही किस्म के पौधे चुने जाएं, तो समर सीजन में भी आपका घर और बगीचा रंग-बिरंगे फूलों से महक सकता है.
नोएडा में आयोजित 38वें फ्लावर शो के दौरान फ्लोरीकल्चर कमेटी की मेंबर डॉ. शुब्रा गर्ग ने बताया कि गर्मियों में भी खास फूलदार पौधे बेहतरीन तरीके से फलते-फूलते हैं. उनके मुताबिक, बस थोड़ी सी सही देखभाल और सही चुनाव से समर गार्डनिंग आसान हो सकती है.
टेकोमा: पीले फूलों से भर देगा गार्डन
डॉ. शुब्रा के अनुसार, टेकोमा गर्मी के मौसम के लिए एक शानदार विकल्प है. इस पौधे पर चमकीले पीले रंग के गुच्छों में फूल आते हैं, जो बगीचे को बेहद आकर्षक बना देते हैं. यह पौधा तेज धूप सहन कर सकता है और ज्यादा देखभाल की भी जरूरत नहीं होती. अगर इसे अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी और नियमित पानी मिले, तो यह पूरे समर सीजन में खिलता रहता है.
कार्डिशन: बारहमासी और मजबूत
कार्डिशन भी एक ऐसा पौधा है जिसे बारहमासी के रूप में लगाया जा सकता है. यह गर्मी के तापमान में भी अच्छी तरह टिकता है और नियमित रूप से फूल देता है. इसे ज्यादा छाया की जरूरत नहीं होती, लेकिन मिट्टी में पोषण बना रहना जरूरी है. समय-समय पर जैविक खाद डालने से इसकी ग्रोथ बेहतर होती है.
सनफ्लावर : धूप का सच्चा साथी
अगर आप गर्मी में बड़े और आकर्षक फूल चाहते हैं, तो सूरजमुखी यानी सनफ्लावर एक बेहतरीन विकल्प है. यह पौधा 6 से 8 घंटे की सीधी धूप में भी शानदार तरीके से बढ़ता है. रोजाना हल्की सिंचाई और मिट्टी में मल्चिंग करने से इसकी जड़ें
सुरक्षित रहती हैं. पौधा जब बड़ा होने लगे, तो सहारे के लिए जाली या स्टिक का इस्तेमाल करना जरूरी होता है.
गुड़हल (हिबिस्कस): रंगों की बहार
गर्मी के लिए गुड़हल का पौधा भी बेहद उपयुक्त है. यह पौधा तेज धूप में भी सर्वाइव कर जाता है और नियमित रूप से फूल देता है. हिबिस्कस की कई वैरायटी उपलब्ध हैं-लाल, गुलाबी, पीला, सफेद, ऑरेंज और पीच रंगों में अलग-अलग हाइब्रिड वैरायटी लगाने से आपका गार्डन और भी आकर्षक दिखेगा.
देखभाल के जरूरी टिप्स
गर्मियों में पौधों की देखभाल पर खास ध्यान देना जरूरी है. सुबह या शाम के समय पानी देना बेहतर रहता है. मिट्टी में नमी बनाए रखने के लिए मल्चिंग करें और हर 15-20 दिन में जैविक खाद डालें. कीटों से बचाव के लिए नीम तेल का स्प्रे भी उपयोगी हो सकता है.
डॉ. शुब्रा गर्ग का मानना है कि सही पौधों का चुनाव और नियमित देखभाल से गर्मी का मौसम भी फूलों की बहार में बदला जा सकता है. अगर आप अपने घर को प्राकृतिक रंगों और खुशबू से सजाना चाहते हैं, तो इन समर-फ्रेंडली पौधों को जरूर आजमाएं.
यह भी पढ़े