कांग्रेस से गया कश्मीर का हिस्सा बोले PM मोदी
कांग्रेस से गया कश्मीर का हिस्सा बोले PM मोदी
राष्ट्रीय एकता दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की गलती के कारण जम्मू-कश्मीर का एक हिस्सा पाकिस्तान के कब्जे में चला गया। सरदार पटेल को श्रद्धांजलि देते हुए उन्होंने कहा कि सरदार साहब इतिहास लिखने में नहीं, बल्कि इतिहास बनाने में विश्वास रखते थे।
मोदी ने कहा कि कश्मीर अब धारा 370 की जंजीरों से आज़ाद होकर मुख्यधारा से जुड़ चुका है। उन्होंने कहा, “आज अगर कोई भारत पर आंख उठाता है, तो भारत उसे घुसकर जवाब देता है।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल देश की एकता और संप्रभुता के प्रतीक थे, लेकिन उनके बाद की सरकारों ने इस पर गंभीरता नहीं दिखाई। कश्मीर में हुई गलतियां, पूर्वोत्तर की समस्याएं और नक्सलवाद, इन सबने देश की एकता को चुनौती दी, जबकि उस समय की सरकारें कमजोर रवैया अपनाती रहीं।
मोदी ने कहा कि सरदार पटेल चाहते थे कि कश्मीर का विलय भी बाकी रियासतों की तरह हो, लेकिन नेहरू जी ने ऐसा नहीं होने दिया और कश्मीर को अलग संविधान और निशान दे दिया। कांग्रेस की इस गलती के कारण देश वर्षों तक अशांति झेलता रहा।
उन्होंने आगे कहा कि घुसपैठिए देश की एकता और आंतरिक सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा हैं। पुरानी सरकारों ने वोटबैंक की राजनीति के लिए इस मुद्दे पर आंखें मूंद लीं और राष्ट्र की सुरक्षा को खतरे में डाल दिया।