दिल्ली विधानसभा स्पीकर का आप MLA's पर ऐक्शन
दिल्ली विधानसभा स्पीकर का आप MLA's पर ऐक्शन
दिल्ली विधानसभा में उपराज्यपाल वीके सक्सेना के अभिभाषण के दौरान जोरदार हंगामा हुआ। आम आदमी पार्टी के विधायकों ने अभिभाषण शुरू होते ही विरोध प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री और मंत्रियों के कार्यालय से भीमराव आंबेडकर की फोटो हटाने की मांग की।
स्पीकर विजेंद्र गुप्ता ने इस हंगामे के चलते विपक्ष की नेता आतिशी समेत AAP के सभी विधायकों को पूरे दिन के लिए सदन से निष्कासित कर दिया। उपराज्यपाल के अभिभाषण में कहा गया कि सरकार का लक्ष्य राजस्व बढ़ाना है और यमुना की सफाई तथा वायु प्रदूषण के समाधान के लिए योजना बनाई जाएगी।
अभिभाषण के दौरान भाजपा विधायक 'मोदी-मोदी' के नारे लगाते नजर आए। निलंबित विधायकों ने विधानसभा परिसर में प्रदर्शन भी किया। विधानसभा अध्यक्ष ने आतिशी और AAP के 11 विधायकों को निलंबित करने का निर्णय लिया।
दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, "भाजपा ने मुख्यमंत्री कार्यालय में डॉ. बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर की तस्वीर के स्थान पर पीएम नरेंद्र मोदी की तस्वीर लगाई है। मैं भाजपा से पूछना चाहती हूं कि क्या पीएम मोदी, डॉ. अंबेडकर से बड़े हैं? क्या वे उनकी जगह ले सकते हैं?" इसके विरोध में आम आदमी पार्टी (AAP) ने प्रदर्शन किया है। आतिशी ने कहा कि हम सदन से लेकर सड़क तक इस मुद्दे पर प्रदर्शन करते रहेंगे जब तक डॉ. अंबेडकर की तस्वीर वापस नहीं लग जाती।