दिलजीत दोसांझ ने अमिताभ के पैर छुए, भड़के खालिस्तानी

Updated on 2025-10-30T15:43:54+05:30

दिलजीत दोसांझ ने अमिताभ के पैर छुए, भड़के खालिस्तानी

दिलजीत दोसांझ ने अमिताभ के पैर छुए, भड़के खालिस्तानी

खालिस्तानी आतंकी संगठन सिख्स फॉर जस्टिस (SFJ) ने पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ को धमकी दी है कि उनका 1 नवंबर को ऑस्ट्रेलिया में होने वाला कॉन्सर्ट बंद करवाया जाएगा। उसी दिन अकाल तख्त साहिब ने ‘सिख नरसंहार स्मरण दिवस’ घोषित किया है। यह विवाद तब शुरू हुआ जब दिलजीत ने ‘कौन बनेगा करोड़पति’ शो में अमिताभ बच्चन के पैर छुए थे। यह एपिसोड 31 अक्टूबर को प्रसारित होगा।

SFJ का आरोप है कि 1984 के सिख दंगों के दौरान अमिताभ बच्चन ने “खून का बदला खून” का नारा देकर भीड़ को हिंसा के लिए उकसाया था, जिसमें 30,000 से ज्यादा सिखों की मौत हुई थी। संगठन के नेता गुरपतवंत सिंह पन्नू ने कहा कि अमिताभ के पैर छूकर दिलजीत ने नरसंहार के पीड़ितों का अपमान किया है।

SFJ ने कहा कि 41 सालों से किसी भी नेता या सेलिब्रिटी को सिखों की हत्या के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया गया, बल्कि उन्हें सम्मान दिया गया है। ऐसे में दिलजीत का स्मरण दिवस के वक्त कॉन्सर्ट करना “नरसंहार को व्यावसायिक बनाना” है।

संगठन ने अकाल तख्त साहिब को पत्र लिखकर कहा है कि दिलजीत को 2010 के फरमान के अनुसार अपने इस कदम की सफाई देनी चाहिए। साथ ही 1 नवंबर को ऑस्ट्रेलिया में कॉन्सर्ट स्थल के बाहर रैली करने की भी योजना है।

SFJ का कहना है कि 1 नवंबर को हर साल नरसंहार स्मरण दिवस मनाया जाता है, और ऐसे दिन अमिताभ बच्चन जैसे व्यक्ति का सम्मान करना गलत है। संगठन ने कहा कि “हम हत्यारों के प्रतीकों को पीड़ितों की याद के साथ एक मंच पर नहीं आने देंगे। स्मृति बिकाऊ नहीं है और नरसंहार को मनोरंजन नहीं बनाया जा सकता।”