कपड़ों के जिद्दी दाग हटाने के आसान तरीके, मिनटों में साफ होंगे कपड़े

Updated on 2026-03-10T13:06:49+05:30

कपड़ों के जिद्दी दाग हटाने के आसान तरीके, मिनटों में साफ होंगे कपड़े

कपड़ों के जिद्दी दाग हटाने के आसान तरीके, मिनटों में साफ होंगे कपड़े

आजकल रोजमर्रा की जिंदगी में कपड़ों पर दाग लगना आम बात हो गई है। कभी खाना बनाते समय तेल या हल्दी के दाग लग जाते हैं, तो कभी पेन की स्याही, मिट्टी, चाय-कॉफी या लिपस्टिक कपड़ों को खराब कर देती है। कई लोग इन्हें साफ करने के लिए महंगे केमिकल प्रोडक्ट का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन कई बार दाग पूरी तरह नहीं हटते और कपड़ों की चमक भी कम हो जाती है।

खासकर चाय, जंग, ग्रीस, पेंट या पसीने के दाग जल्दी साफ नहीं होते। हालांकि सही तरीका अपनाकर घर में मौजूद कुछ साधारण चीजों की मदद से इन दागों को आसानी से हटाया जा सकता है।

तेल और ग्रीस के दाग कैसे हटाएं

अगर कपड़ों पर तेल या ग्रीस का दाग लग जाए तो टेलकम पाउडर काफी मददगार होता है। दाग वाली जगह पर टेलकम पाउडर छिड़क दें। अगर टेलकम पाउडर न हो तो चॉक पाउडर या कॉर्नस्टार्च भी इस्तेमाल किया जा सकता है। इसे करीब आधे घंटे तक दाग पर रहने दें ताकि तेल सोख सके। इसके बाद ब्रश से पाउडर साफ करें और उस हिस्से को डिशवॉश लिक्विड से धो लें।

पेन की स्याही के दाग

अगर कपड़ों पर पेन की स्याही लग जाए तो सैनिटाइजर या नेल पॉलिश रिमूवर इस्तेमाल किया जा सकता है। कॉटन पर थोड़ा सैनिटाइजर या रिमूवर लगाकर दाग वाली जगह पर हल्के हाथ से लगाएं। इसके बाद कपड़े को सामान्य तरीके से धो लें। इससे स्याही का दाग हल्का हो जाता है।

लिपस्टिक के दाग हटाने का तरीका

कपड़ों पर लिपस्टिक लग जाए तो हेयर स्प्रे या लिक्विड डिटर्जेंट मदद कर सकता है। दाग वाली जगह पर हेयर स्प्रे छिड़ककर 10 से 15 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद गीले कपड़े से हल्के हाथ से साफ करें।

बेकिंग सोडा भी है उपयोगी

बेकिंग सोडा भी दाग हटाने में असरदार होता है। इसके लिए बेकिंग सोडा में थोड़ा पानी मिलाकर पेस्ट बना लें और दाग वाली जगह पर लगा दें। कुछ मिनट बाद हल्के हाथ से रगड़कर कपड़ा धो लें।

नमक और नींबू का इस्तेमाल

दाग हटाने के लिए नमक और नींबू भी काम आते हैं। दाग वाली जगह पर नींबू का रस डालें और ऊपर से थोड़ा नमक छिड़क दें। करीब 10 से 15 मिनट बाद कपड़े को पानी से धो लें। इससे दाग हल्का हो जाता है और कपड़े की चमक भी बनी रहती है।

जंग या पुराने दाग कैसे हटाएं

जंग या पुराने दाग हटाने के लिए सफेद टूथपेस्ट का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। दाग वाली जगह पर टूथपेस्ट लगाकर कुछ देर के लिए छोड़ दें। इसके बाद हल्के हाथ से रगड़कर कपड़ा धो लें। इससे दाग कम होने लगते हैं।

यह भी पढ़े 

दीवारों पर रेंगती छिपकलियों से परेशान? अपनाएं ये आसान घरेलू उपाय