ईडी ने AAP नेता सौरभ भारद्वाज के घर छापा मारा, अस्पताल निर्माण घोटाले से जुड़ा मामला
ईडी ने AAP नेता सौरभ भारद्वाज के घर छापा मारा, अस्पताल निर्माण घोटाले से जुड़ा मामला
आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज पर मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप लगे हैं। मंगलवार (26 अगस्त) को ईडी ने उनके घर और उनसे जुड़े 13 ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई अस्पताल निर्माण घोटाले से जुड़ी है। इसी मामले में पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन पर भी जांच चल रही है।
यह घोटाला करीब 5590 करोड़ रुपये का बताया जा रहा है। 2018-19 में दिल्ली सरकार ने 24 अस्पतालों के लिए यह रकम मंजूर की थी। छह महीने में आईसीयू अस्पताल बनने थे, लेकिन तीन साल बाद भी काम पूरा नहीं हुआ। आरोप है कि 800 करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद केवल आधा काम हुआ। कई प्रोजेक्ट्स की लागत अचानक दोगुनी हो गई और बिना मंजूरी निर्माण कार्य शुरू किए गए। इसमें ठेकेदारों की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है।
हॉस्पिटल इन्फॉर्मेशन मैनेजमेंट सिस्टम (HIMS) भी 2016 से अधर में लटका हुआ है। आरोप है कि इसे जानबूझकर टाला गया। इसी वजह से सौरभ भारद्वाज और सत्येंद्र जैन दोनों जांच के घेरे में हैं। ईडी ने इस मामले में ECIR दर्ज कर ली है।
ध्यान देने वाली बात यह है कि सौरभ भारद्वाज आप सरकार में स्वास्थ्य, शहरी विकास और जल जैसे अहम विभाग संभाल चुके हैं। वहीं, आम आदमी पार्टी का कहना है कि बीजेपी सरकार जांच एजेंसियों का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही है।