Exit Poll में बड़ा उलटफेर! हिमंता मजबूत, विजय बना CM रेस का सरप्राइज चेहरा
Exit Poll में बड़ा उलटफेर! हिमंता मजबूत, विजय बना CM रेस का सरप्राइज चेहरा
5 राज्यों के विधानसभा चुनाव खत्म होते ही एग्जिट पोल ने सियासी माहौल गरमा दिया है. पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में किसकी सरकार बन सकती है, इसे लेकर अलग-अलग सर्वे एजेंसियों ने अनुमान जारी कर दिए हैं. हालांकि अंतिम फैसला 4 मई को मतगणना के बाद होगा, लेकिन शुरुआती तस्वीर कई राज्यों में चौंकाने वाली नजर आ रही है.
असम में हिमंता बिस्वा सरमा सबसे आगे
असम में भाजपा नेतृत्व वाला एनडीए मजबूत स्थिति में दिख रहा है. एग्जिट पोल के मुताबिक एनडीए को 88 से 100 सीटें मिल सकती हैं. वहीं कांग्रेस 24 से 36 सीटों के बीच सिमटती दिख रही है. मुख्यमंत्री चेहरे की बात करें तो हिमंता बिस्वा सरमा 42 फीसदी पसंद के साथ सबसे आगे हैं, जबकि गौरव गोगोई को 32 फीसदी लोगों ने चुना है. इससे साफ है कि असम में हिमंता की पकड़ अभी भी मजबूत बनी हुई है.
केरल में विजयन पसंद, लेकिन सत्ता बदलने के संकेत
केरल में दिलचस्प स्थिति बनती दिख रही है. मुख्यमंत्री के तौर पर पिनाराई विजयन को 33 फीसदी लोग पसंद कर रहे हैं, लेकिन सीटों के मामले में कांग्रेस नेतृत्व वाला यूडीएफ बढ़त में नजर आ रहा है. यूडीएफ को 78 से 90 सीटें मिल सकती हैं, जबकि एलडीएफ 49 से 62 सीटों पर सिमट सकता है. यानी चेहरा विजयन का पसंदीदा, लेकिन सरकार बदलने के संकेत.
तमिलनाडु में विजय ने बढ़ाई धड़कनें
तमिलनाडु का चुनाव सबसे ज्यादा चर्चा में है, क्योंकि अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी TVK पहली बार मैदान में उतरकर बड़ा खेल करती दिख रही है. एग्जिट पोल के अनुसार TVK को 98 से 120 सीटें मिल सकती हैं. वहीं DMK को 92 से 110 सीटों का अनुमान है. मुख्यमंत्री पद की रेस में भी विजय 37 फीसदी पसंद के साथ एमके स्टालिन से आगे बताए जा रहे हैं. इससे तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा उलटफेर संभव दिख रहा है.
पुडुचेरी में NDA को स्पष्ट बढ़त
पुडुचेरी में एनडीए गठबंधन बढ़त में नजर आ रहा है. सर्वे के मुताबिक NDA को 16 से 20 सीटें मिल सकती हैं, जबकि कांग्रेस-DMK गठबंधन 6 से 8 सीटों पर रह सकता है. यहां एन. रंगास्वामी मुख्यमंत्री पद के लिए सबसे पसंदीदा चेहरा बने हुए हैं.
4 मई को खुलेगा किस्मत का पिटारा
फिलहाल ये सिर्फ एग्जिट पोल के अनुमान हैं, लेकिन इतना तय है कि 4 मई की मतगणना कई राज्यों में बड़े राजनीतिक उलटफेर की गवाह बन सकती है. सबसे ज्यादा नजरें तमिलनाडु और केरल पर टिकी हैं, जहां मुकाबला बेहद रोमांचक दिख रहा है.
यह भी पढ़े