सरकार का E-Zero FIR सिस्टम ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने की सुविधा देता है, आसान और तेज़।
सरकार का E-Zero FIR सिस्टम ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने की सुविधा देता है, आसान और तेज़।
E-Zero FIR: भारत सरकार ने हाल ही में ई-जीरो FIR नाम से एक नई सेवा शुरू की है। इसका मकसद साइबर सुरक्षा को मजबूत करना और बड़े साइबर फ्रॉड की जांच जल्दी करना है। फिलहाल इसे दिल्ली में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया है। इसके तहत 10 लाख रुपये से ज्यादा की ऑनलाइन धोखाधड़ी की शिकायतें अपने आप FIR में बदल जाएंगी।
इस नए सिस्टम से सरकार साइबर अपराधियों के खिलाफ तेजी से कार्रवाई करना चाहती है और जांच में लगने वाला समय कम करना चाहती है।
अगर कोई 10 लाख रुपये से ज्यादा की धोखाधड़ी की शिकायत हेल्पलाइन नंबर 1930 या नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर करता है, तो वह शिकायत अपने आप FIR में तब्दील हो जाएगी। इसे ई-जीरो FIR कहा जाता है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि इससे जांच और कार्रवाई तेज होगी और अपराधियों को जल्दी पकड़ा जा सकेगा। आने वाले समय में इस सिस्टम को पूरे देश में लागू किया जाएगा।
इस प्रक्रिया में, शिकायत की FIR दिल्ली के ई-क्राइम पुलिस स्टेशन में दर्ज होगी और फिर संबंधित इलाके के साइबर पुलिस स्टेशन को भेजी जाएगी। शिकायतकर्ता को तीन दिनों के अंदर जाकर अपनी ई-जीरो FIR को सामान्य FIR में बदलवाना होगा।
यह पूरी व्यवस्था दिल्ली पुलिस, भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C), और NCRB के नेटवर्क के साथ मिलकर काम करती है। इसका मकसद पीड़ित को उसका पैसा जल्दी लौटाना और अपराधियों को सख्त सजा दिलाना है।