एयर टैक्सी कैसे उड़ती है? जानें क्या इसकी तकनीक एरोप्लेन से अलग और खास बनाती है

Updated on 2025-09-02T11:03:37+05:30

एयर टैक्सी कैसे उड़ती है? जानें क्या इसकी तकनीक एरोप्लेन से अलग और खास बनाती है

एयर टैक्सी कैसे उड़ती है? जानें क्या इसकी तकनीक एरोप्लेन से अलग और खास बनाती है

Air Taxi Technology: दुनिया तेजी से बदल रही है और इसी बदलाव की अगली कड़ी है एयर टैक्सी। जैसे आप सड़क पर कैब बुक करके सफर करते हैं, वैसे ही आने वाले समय में आसमान से उड़ान भरती एयर टैक्सियां कुछ ही मिनटों में आपको मंज़िल तक पहुंचा देंगी। लेकिन सवाल यह है कि ये हवा में उड़ती कैसे हैं और क्या इनकी तकनीक एरोप्लेन से अलग है?

एयर टैक्सी कैसे उड़ती है

एयर टैक्सी को eVTOL (Electric Vertical Take-Off and Landing) कहा जाता है। यानी ये बिना रनवे के सीधी ऊपर उड़ान भर सकती हैं और नीचे उतर सकती हैं। इसमें इलेक्ट्रिक मोटर्स और प्रोपेलर्स होते हैं, जो इसे हेलीकॉप्टर की तरह ऊपर उठने और उतरने की क्षमता देते हैं। जहां एरोप्लेन को लंबे रनवे की जरूरत होती है, वहीं एयर टैक्सी छोटे से हेलिपैड से भी उड़ सकती है।

तकनीक में फर्क

एरोप्लेन फ्यूल पर चलते हैं जबकि एयर टैक्सी बैटरी और इलेक्ट्रिक मोटर्स से चलती है। इसलिए ये पर्यावरण के लिए बेहतर और शोर भी कम करती हैं। एरोप्लेन की तरह ये भी लिफ्ट और थ्रस्ट के सिद्धांतों पर उड़ती हैं, लेकिन छोटे प्रोपेलर्स और रोटर्स इन्हें ड्रोन की तरह कंट्रोल करते हैं।

सुरक्षा और नेविगेशन

एयर टैक्सी में सेंसर, कैमरे और ऑटोपायलट सिस्टम लगे होते हैं। ये GPS और AI की मदद से रास्ता तय करती हैं और हवा में टकराव से बचने के लिए तुरंत दिशा बदल लेती हैं। भविष्य में इनका संचालन बिना पायलट के होगा, हालांकि शुरुआत में प्रशिक्षित पायलट इन्हें चलाएंगे।

फायदे

एयर टैक्सी का सबसे बड़ा फायदा है समय की बचत। जहां सड़क से घंटों लगते हैं, वहां ये कुछ ही मिनटों में पहुंचा देंगी। साथ ही कार्बन उत्सर्जन भी कम होगा।

NASA की रिसर्च

NASA एयर टैक्सी पर रिसर्च कर रहा है ताकि इन्हें और सुरक्षित और बेहतर बनाया जा सके। उनका ध्यान फ्लाइट कंट्रोल सिस्टम पर है, जिससे एयर टैक्सियां स्थिर और सुरक्षित उड़ान भर सकें। भविष्य में यह तकनीक शहरी परिवहन को पूरी तरह बदल सकती है।