आंखों के काले घेरे कैसे हटें? सिर्फ क्रीम नहीं, जानें उपाय
आंखों के काले घेरे कैसे हटें? सिर्फ क्रीम नहीं, जानें उपाय
आंखों के नीचे काले घेरे, जिन्हें मेडिकल भाषा में पेरिऑर्बिटल हाइपरपिगमेंटेशन (POH) कहा जाता है, आज एक आम समस्या बन चुके हैं। इससे आंखों के नीचे की त्वचा गहरे भूरे, बैंगनी या नीले रंग की नजर आने लगती है, जिससे चेहरा थका हुआ और उम्र से ज्यादा दिखने लगता है। यह समस्या किसी भी उम्र में हो सकती है, लेकिन कुछ लोगों में इसकी संभावना ज्यादा होती है, खासकर जिनकी स्किन पतली होती है या जिनके परिवार में यह समस्या पहले से रही हो।
डार्क सर्कल सिर्फ बाहरी समस्या नहीं हैं, बल्कि इसके पीछे कई अंदरूनी कारण भी होते हैं। इसमें जेनेटिक कारण, तनाव, नींद की कमी, खराब खानपान और गलत लाइफस्टाइल बड़ी भूमिका निभाते हैं। कई बार आंखों के नीचे गड्ढा बन जाने से भी शैडो पड़ती है, जो डार्क सर्कल जैसी दिखती है।
आजकल बाजार में कई तरह की क्रीम, सीरम और अंडर-आई पैच उपलब्ध हैं, लेकिन विशेषज्ञों के अनुसार ये तभी असरदार होते हैं जब आप अपनी लाइफस्टाइल में सुधार करें।
नींद पूरी करना है सबसे जरूरी कदम
डार्क सर्कल कम करने के लिए सबसे जरूरी है पर्याप्त नींद लेना। रोजाना 7 से 8 घंटे की नींद लें और कोशिश करें कि रात 10 बजे तक सो जाएं। देर रात तक जागने से स्ट्रेस बढ़ता है, जो इस समस्या को और गंभीर बना सकता है।
स्क्रीन टाइम कम करना जरूरी
मोबाइल, लैपटॉप या टीवी पर ज्यादा समय बिताने से भी आंखों पर असर पड़ता है। कोशिश करें कि सोने से कम से कम 2 घंटे पहले स्क्रीन का इस्तेमाल बंद कर दें। आंखों को आराम देने के लिए ठंडी सिकाई या खीरे का इस्तेमाल भी फायदेमंद हो सकता है।
संतुलित आहार अपनाएं
डार्क सर्कल कई बार शरीर में पोषक तत्वों की कमी का संकेत होते हैं। ऐसे में अपनी डाइट में फल, सब्जियां, नट्स, सीड्स और हेल्दी अनाज शामिल करें। जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह भी लें।
हाइड्रेशन का रखें ध्यान
पानी की कमी भी डार्क सर्कल का कारण बन सकती है। दिनभर पर्याप्त पानी पिएं और नारियल पानी, नींबू पानी या छाछ जैसे हेल्दी ड्रिंक्स को अपनी डाइट में शामिल करें।
खराब आदतों से बचें
स्मोकिंग और ज्यादा शराब का सेवन भी त्वचा पर बुरा असर डालता है। ये आदतें डार्क सर्कल के साथ-साथ पूरे शरीर की सेहत को भी नुकसान पहुंचाती हैं।
कुल मिलाकर, डार्क सर्कल से छुटकारा पाने के लिए सिर्फ क्रीम पर निर्भर रहना काफी नहीं है, बल्कि सही लाइफस्टाइल और हेल्दी आदतें अपनाना सबसे जरूरी है।
यह भी पढ़े