भारत-पाकिस्तान तनाव से सेंसेक्स 600 अंक गिरा, निफ्टी 24100 के नीचे।
भारत-पाकिस्तान तनाव से सेंसेक्स 600 अंक गिरा, निफ्टी 24100 के नीचे।
Stock Market Today:भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव का सीधा असर शेयर बाजार पर पड़ रहा है। शुक्रवार, 9 मई को मार्केट की शुरुआत में भारी गिरावट देखी गई। सुबह 9:24 बजे, सेंसेक्स 577.59 अंक गिरकर 79,757.22 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 207.50 अंक टूटकर 24,066.30 पर आ गया। इसके बाद, सेंसेक्स में 600 अंक की गिरावट आई। इससे पहले गुरुवार को भी बाजार में गिरावट आई थी।
रुपया भी डॉलर के मुकाबले कमजोर होकर 85.81 रुपये प्रति डॉलर पर खुला। तनाव के कारण बाजार में अनिश्चितता बनी रही और अधिकतर शेयरों में गिरावट दिखी। हालांकि, कुछ कंपनियों जैसे टाइटन, एलएंडटी, और टाटा मोटर्स के शेयरों में बढ़त देखी गई। मेटल, रियल्टी और एफएमसीजी सेक्टर में सबसे ज्यादा गिरावट आई।
गुरुवार को भारतीय बाजार में 5 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। सेंसेक्स 411.97 अंक गिरकर 80,334.81 पर बंद हुआ। पाकिस्तान के शेयर बाजार में भी गिरावट आई और कराची स्टॉक एक्सचेंज में करीब 7% गिरावट देखी गई। बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि भारत के शेयर बाजार पर पाकिस्तान जैसा बड़ा असर नहीं होगा, लेकिन यह स्थिति कुछ समय के लिए बनी रह सकती है।
यह भी पढ़े : भारत-पाकिस्तान के तनाव से अमेरिका में बड़ा डर, जानिए क्यों।