Israel Attacked Syria: 'इजरायल सीरिया को कमजोर करना चाहता है, ताकत की असली परिभाषा...' बोले राष्ट्रपति अल-शरा
Israel Attacked Syria: 'इजरायल सीरिया को कमजोर करना चाहता है, ताकत की असली परिभाषा...' बोले राष्ट्रपति अल-शरा
इजरायल ने सीरिया के रक्षा मंत्रालय पर हमला किया है। इस पर सीरियाई राष्ट्रपति अहमद अल-शरा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि इजरायल लंबे समय से सीरिया को बांटने की कोशिश कर रहा है, खासकर शासन गिरने के बाद से।
उन्होंने कहा कि ड्रूज समुदाय इस देश का अहम हिस्सा है और इजरायल की साजिशों का सबसे मजबूती से सामना कर सकता है। ड्रूज सीरियाई समाज के ताने-बाने में गहराई से जुड़े हैं और उनकी रक्षा करना हमारी प्राथमिकता है।
राष्ट्रपति ने आगे कहा कि इजरायल सीरिया की धरती को संघर्ष का मैदान बनाना चाहता है, लेकिन सीरिया किसी विदेशी षड्यंत्र या लालच का शिकार नहीं बनेगा।
उन्होंने कहा, "हम युद्ध से नहीं डरते, लेकिन हमने अराजकता से बचकर देश की एकता को बचाना बेहतर समझा है। हमें अब नए सीरिया के निर्माण पर ध्यान देना होगा।"
स्थानीय लोगों को दी गई सुरक्षा की जिम्मेदारी
राष्ट्रपति अल-शरा ने बताया कि प्रांतों में सुरक्षा बनाए रखने की जिम्मेदारी स्थानीय गुटों और समझदार नेताओं को दी गई है। उनका मानना है कि ताकत का मतलब हमेशा जीत नहीं होता और एक जगह की जीत दूसरी जगह की सफलता की गारंटी नहीं देती।
उन्होंने कहा, "आप युद्ध शुरू कर सकते हैं, लेकिन उसका अंजाम संभालना आसान नहीं होता। सुवेदा में जो कुछ हुआ, उसे रोकने के लिए हमने सभी सरकारी संस्थाओं की मदद से हालात को काबू में किया है।"