जनकपुरी के जिम ट्रेनर की किस्मत पलटी, रणवीर सिंह के साथ फिल्म ‘धुरंधर 2’ में मिला बड़ा मौका

Updated on 2026-03-24T13:38:13+05:30

जनकपुरी के जिम ट्रेनर की किस्मत पलटी, रणवीर सिंह के साथ फिल्म ‘धुरंधर 2’ में मिला बड़ा मौका

जनकपुरी के जिम ट्रेनर की किस्मत पलटी, रणवीर सिंह के साथ फिल्म ‘धुरंधर 2’ में मिला बड़ा मौका

रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ इन दिनों दर्शकों के बीच जबरदस्त चर्चा में है। फिल्म का क्रेज इस कदर है कि इसके हर किरदार को लेकर लोग बात कर रहे हैं। खास बात यह है कि फिल्म में कुछ ऐसे कलाकार भी नजर आए हैं, जिन्होंने छोटे या सपोर्टिंग रोल निभाने के बावजूद अपनी अलग पहचान बना ली है।

इन्हीं में से एक किरदार है रिजवान का, जिसे फिल्म में हमजा की परछाई के रूप में दिखाया गया है। इस रोल को मुस्तफा अहमद ने निभाया है और उनके अभिनय की काफी तारीफ हो रही है। हालांकि, यहां तक पहुंचने का सफर उनके लिए बिल्कुल आसान नहीं रहा।

मुस्तफा अहमद पहले एक जाने-माने जिम ट्रेनर थे। उन्होंने कई बड़े सेलेब्रिटीज को फिटनेस ट्रेनिंग दी है। लेकिन एक्टर बनने से पहले उनका जीवन काफी संघर्षों से भरा रहा। अफगान मूल के मुस्तफा को बचपन में डिस्लेक्सिया की समस्या थी, जिसके कारण उन्हें पढ़ाई-लिखाई में काफी दिक्कत होती थी। पढ़ाई में कमजोर होने के कारण उन्होंने स्कूल भी छोड़ दिया था।

हालांकि, मुस्तफा का झुकाव हमेशा खेल-कूद और डांस की ओर रहा। उनका शरीर फुर्तीला था और वह एक्टिव लाइफस्टाइल पसंद करते थे। 21 साल की उम्र में उन्होंने एक कॉल सेंटर में नौकरी शुरू की और अपनी मेहनत के दम पर वहां के सबसे युवा टीम लीडर बन गए। इस दौरान उनकी अच्छी कमाई भी होने लगी थी।

उनकी जिंदगी में असली मोड़ तब आया, जब उन्होंने जिम में एक महिला की मदद की। उस महिला ने उन्हें एक चिट्ठी लिखकर बताया कि उनकी ट्रेनिंग की वजह से उसकी जिंदगी में फिर से खुशियां लौट आई हैं। इस घटना ने मुस्तफा को यह एहसास दिलाया कि फिटनेस ही उनका असली जुनून है।

इसके बाद उन्होंने अपनी नौकरी छोड़ दी, हालांकि इस फैसले का परिवार ने विरोध किया। उनकी मां ने तो उनसे बात तक करना बंद कर दिया था। बावजूद इसके, मुस्तफा अपने फैसले पर डटे रहे और दिल्ली के जनकपुरी के एक जिम में सिर्फ 10,000 रुपये की सैलरी पर काम शुरू किया।

मुस्तफा सुबह 4 बजे उठकर जिम खोलते थे और पूरे दिन कड़ी मेहनत करते थे। उन्होंने अपने काम के प्रति इतना समर्पण दिखाया कि एक समय पर वह एशिया के टॉप ट्रेनर्स में शामिल हो गए। वह महीने में करीब 400 घंटे काम करते थे और रोजाना 14 सेशन तक लेते थे।

उनके पहले बड़े सेलिब्रिटी क्लाइंट ऋतिक रोशन बने। इसके बाद उन्होंने कई बड़े नामों को ट्रेनिंग दी और पीछे मुड़कर नहीं देखा। अब ‘धुरंधर 2’ के जरिए उन्होंने एक्टिंग की दुनिया में भी अपनी पहचान बना ली है। उनका सफर यह दिखाता है कि मेहनत और जुनून के दम पर कोई भी इंसान अपनी किस्मत बदल सकता है।

यह भी पढ़े 

Shiv Thakare: दूध बेचने वाले लड़के की कहानी: ‘The 50’ जीतकर बना रियलिटी शो का सुल्तान