हाथ धोने का सही तरीका जानिए, 99% लोग करते गलती
Updated on 2025-10-15T11:39:43+05:30
हाथ धोने का सही तरीका जानिए, 99% लोग करते गलती
हर साल की तरह इस बार भी ग्लोबल हैंडवॉशिंग डे 15 अक्टूबर को मनाया जा रहा है. इसे 2008 में ग्लोबल हैंडवॉशिंग पार्टनरशिप ने शुरू किया था, ताकि लोग हाथ धोने की अहमियत समझ सकें. इसका मकसद है याद दिलाना कि हाथ धोना भले ही एक छोटा कदम हो, लेकिन यह हमें और हमारे परिवार को कई बीमारियों से बचा सकता है. एक्सपर्ट्स कहते हैं कि सिर्फ हाथ धोना ही नहीं, बल्कि उन्हें सही तरीके से धोना भी जरूरी है — क्योंकि भारत में 99% लोग हाथ धोते समय कुछ आम गलतियां करते हैं.
लोग हाथ धोते वक्त जो गलतियां करते हैं
अक्सर लोग साबुन या सैनिटाइजर की सही मात्रा नहीं लगाते. कोई ज्यादा लगा लेता है, तो कोई बहुत कम. कई लोग हाथ धोने के बाद उन्हें ठीक से सुखाते नहीं, जिससे कीटाणु रह जाते हैं. वहीं, जल्दी-जल्दी हाथ धोना भी एक आम गलती है.
हाथ धोने का सही तरीका
- कम से कम 20 सेकंड तक हाथ धोएं.
- पहले हाथों को गीला करें और फिर साबुन या लिक्विड लगाकर झाग बनाएं.
- हथेलियां, उंगलियों के बीच, नाखूनों के नीचे और कलाई तक अच्छे से रगड़ें.
- अंगूठे और उंगलियों की नोक को भी साफ करें.
- धोने के बाद साफ तौलिए या नैपकिन से हाथ सुखाएं.
- अगर पानी न हो, तो 60% या उससे ज्यादा अल्कोहल वाला सैनिटाइजर इस्तेमाल करें और 30 सेकंड तक रगड़ें.
कब-कब हाथ धोना जरूरी है
- खाने से पहले और बाद में
- टॉयलेट जाने के बाद
- बीमार व्यक्ति को छूने के बाद
- बाहर से घर आने पर
- छींकने या खांसने के बाद
- जानवर को छूने के बाद