मालवीय नगर हादसे के बाद बड़ा एक्शन, महिपालपुर के 250 होटल बंद!

Updated on 2026-06-05T15:08:46+05:30

मालवीय नगर हादसे के बाद बड़ा एक्शन, महिपालपुर के 250 होटल बंद!

मालवीय नगर हादसे के बाद बड़ा एक्शन, महिपालपुर के 250 होटल बंद!

दिल्ली के मालवीय नगर में हुए दर्दनाक हादसे के बाद राजधानी में होटल और गेस्ट हाउसों की सुरक्षा व्यवस्था पर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। जांच के दौरान महिपालपुर के करीब 250 होटल बिना वैध लाइसेंस के संचालित पाए गए हैं, जिनके खिलाफ अब सीलिंग की कार्रवाई की तैयारी चल रही है। इस कार्रवाई से होटल कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

गृह विभाग के निर्देश पर करोल बाग, पहाड़गंज, नबी करीम, चांदनी चौक और महिपालपुर समेत कई प्रमुख इलाकों में होटलों की व्यापक जांच शुरू की गई है। इसके लिए दिल्ली पुलिस, एमसीडी, फायर विभाग और पर्यटन विभाग की संयुक्त टीमें गठित की गई हैं, जो सुरक्षा और लाइसेंस संबंधी नियमों की पड़ताल कर रही हैं।

400 होटलों की जांच, 250 बिना लाइसेंस मिले

अधिकारियों के अनुसार महिपालपुर में करीब 400 होटलों की जांच की गई, जिनमें से केवल 150 होटलों के पास वैध लाइसेंस मिला। वहीं लगभग 250 होटल नियमों को दरकिनार कर बिना लाइसेंस संचालित होते पाए गए।

जांच में सामने आया कि इन होटलों के पास आवश्यक 20 फुट चौड़ी अप्रोच रोड नहीं है, जो होटल या गेस्ट हाउस संचालन के लिए अनिवार्य शर्त है। इसी वजह से इन्हें लाइसेंस नहीं दिया गया था, बावजूद इसके ये वर्षों से संचालित हो रहे थे।

एमसीडी ने जारी किए सीलिंग आदेश

जांच रिपोर्ट मिलने के बाद एमसीडी कमिश्नर ने नियमों का उल्लंघन करने वाले होटलों के खिलाफ सीलिंग के आदेश जारी कर दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा मानकों से समझौता करने वालों पर किसी भी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी।

कई विभागों की संयुक्त जांच

एमसीडी अप्रोच रोड और किचन संबंधी नियमों की जांच कर रही है।

  • फायर विभाग अग्निशमन उपकरण, फायर एनओसी और इमरजेंसी एग्जिट की जांच कर रहा है।
  • दिल्ली पुलिस सीसीटीवी व्यवस्था और मेहमानों के रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है।
  • पर्यटन विभाग ब्रेड एंड ब्रेकफास्ट और अन्य पर्यटन लाइसेंसों की वैधता की जांच में जुटा है।

आगे और तेज होगा अभियान

अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद नियमों का उल्लंघन करने वाले होटलों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। राजधानी में होटल और गेस्ट हाउसों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज किया जा सकता है। मालवीय नगर हादसे के बाद प्रशासन अब किसी भी तरह की लापरवाही के मूड में नहीं दिख रहा है।

यह भी पढ़े 

INDIA गठबंधन में बड़ी दरार! DMK ने कांग्रेस से बनाई दूरी