मैदे नहीं, गेहूं के आटे से बनाएं गरमागरम भटूरे, जानें आसान रेसिपी
मैदे नहीं, गेहूं के आटे से बनाएं गरमागरम भटूरे, जानें आसान रेसिपी
छोले भटूरे नॉर्थ इंडिया की सबसे पसंदीदा डिश में से एक हैं, लेकिन मैदे से बने होने और डीप फ्राई किए जाने के कारण कई लोग इसे हेल्थ के लिहाज से कम खाते हैं। दिल्ली जैसे शहरों में लोग इसे खाने के लिए खासतौर पर दुकानों पर जाते हैं।
अगर आप बाहर का मैदा वाला भटूरा खाने से बचना चाहते हैं, तो घर पर ही गेहूं के आटे से स्वादिष्ट और फूले-फूले भटूरे बनाए जा सकते हैं। इसके लिए आपको सही सामग्री और थोड़ी तकनीक की जरूरत होती है।
सामग्री:
- 2 कप गेहूं का आटा
- आधा कप सूजी
- आधा कप ताजा दही
- 1 छोटी चम्मच चीनी
- ¼ चम्मच बेकिंग सोडा
- नमक स्वादानुसार
- 1 टेबल स्पून तेल (मोयन के लिए)
- गुनगुना पानी (जरूरत अनुसार)
- तलने के लिए तेल
भटूरे का आटा तैयार करने का तरीका:
एक बर्तन में गेहूं का आटा और सूजी मिलाएं। इसमें नमक, चीनी और बेकिंग सोडा डालें। दही और तेल डालकर अच्छी तरह मिक्स करें। फिर गुनगुना पानी डालकर नरम आटा गूंथ लें। आटा ज्यादा सख्त न हो, क्योंकि नरम आटे से भटूरे अच्छे से फूलते हैं। आटे को 5-7 मिनट मसलें, तेल लगाकर ढक दें और 1-2 घंटे के लिए गर्म जगह पर रखें।
भटूरे तलने का तरीका:
फर्मेंट हो चुके आटे से छोटी-छोटी लोई बनाएं और बेलन से मीडियम मोटाई में बेलें। कढ़ाई में तेल गर्म करें और भटूरे डालकर हल्के दबाव से तलें। कुछ सेकंड में भटूरा फूल जाएगा। दोनों तरफ से सुनहरा होने तक तलें। गरमा-गरम भटूरे छोले, अचार और प्याज के साथ सर्व करें।
यह भी पढ़े