ईरान-इजरायल हमले से बाजार में हड़कंप, सेंसेक्स 1100 अंक गिरा, 8 लाख करोड़ डूबे
ईरान-इजरायल हमले से बाजार में हड़कंप, सेंसेक्स 1100 अंक गिरा, 8 लाख करोड़ डूबे
Stock Market Today: ईरान पर इजरायल के हमले के बाद खाड़ी देशों में तनाव चरम पर पहुंच गया है। इस भू-राजनीतिक संकट का असर शुक्रवार, 13 जून को भारतीय शेयर बाजार पर साफ नजर आया। हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन की शुरुआत जबरदस्त गिरावट के साथ हुई।
सेंसेक्स में करीब 1100 अंकों की गिरावट दर्ज की गई, जबकि निफ्टी 50 भी 24,600 के नीचे खुला। बाजार खुलते ही निवेशकों को भारी झटका लगा और महज दो मिनट में उनकी संपत्ति 8 लाख करोड़ रुपये तक घट गई। गुरुवार को बाजार बंद होने के बाद बीएसई पर सूचीबद्ध कंपनियों का मार्केट कैप 450.52 लाख करोड़ रुपये था, जो शुक्रवार को घटकर 442 लाख करोड़ रुपये रह गया।
टाटा मोटर्स का शेयर विमान हादसे की खबर के चलते 2% तक गिर गया। इसके अलावा भारती एयरटेल, आईटीसी, टीसीएस, सन फार्मा और एक्सिस बैंक के शेयरों में भी गिरावट आई। हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में तेजी का फायदा ऑयल इंडिया को हुआ और उसका शेयर करीब 3% चढ़ गया।
डॉलर के मुकाबले रुपया भी कमजोर होकर 86.14 के स्तर पर खुला। वैश्विक स्तर पर भी एशियाई और अमेरिकी बाजारों में गिरावट देखी गई। जापान, कोरिया, ऑस्ट्रेलिया, हांगकांग और चीन के प्रमुख सूचकांक लाल निशान में खुले, वहीं नैस्डैक और S&P 500 फ्यूचर्स में भी 1.6-1.7% की गिरावट दर्ज की गई।