वेस्ट एशिया में शांति से बाजार में तेजी, सेंसेक्स 140 अंक चढ़ा, स्टॉक्स उछले
वेस्ट एशिया में शांति से बाजार में तेजी, सेंसेक्स 140 अंक चढ़ा, स्टॉक्स उछले
Stock Market Today:शुक्रवार को सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन बाजार में लगातार चौथे दिन तेजी देखने को मिली। पश्चिम एशिया में सीजफायर के बाद आई शांति, अमेरिकी फेडरल रिजर्व से ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद और कच्चे तेल के दाम में गिरावट जैसी वजहों से बाजार को मजबूती मिली।
सुबह करीब 9:15 बजे बीएसई सेंसेक्स 140 अंक चढ़कर 83,844.93 पर कारोबार कर रहा था, जबकि एनएसई निफ्टी 25.35 अंक ऊपर जाकर 25,574.35 पर खुला।
Akzo Nobel के शेयर में 7% की तेजी
JSW पेंट्स और Akzo Nobel के बीच हुई डील के बाद आज Akzo Nobel के शेयर में 7% की तेजी देखी गई। JSW ने प्रति शेयर 2762.50 रुपये की कीमत पर हिस्सेदारी खरीदने का समझौता किया है, जिसकी कुल कीमत 9,400 करोड़ रुपये होगी।
रुपया मजबूत, डॉलर कमजोर
डॉलर की गिरती कीमतों के बीच भारतीय रुपया भी मजबूत हुआ है। शुक्रवार को रुपया 20 पैसे चढ़कर 85.51 पर खुला, जो गुरुवार को 85.71 पर बंद हुआ था।
विदेशी निवेशकों का भरोसा बढ़ा
डॉलर में गिरावट और रुपये की मजबूती से विदेशी निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। बीते दिन विदेशी संस्थागत निवेशकों ने भारतीय बाजार में 12,594 करोड़ रुपये का निवेश किया।
वैश्विक बाजारों में भी तेजी
एशिया पैसिफिक बाजारों में शुक्रवार को मजबूती देखने को मिली। टैरिफ पर नरम रुख और व्हाइट हाउस से मिले सकारात्मक संकेतों की वजह से जापान का निक्केई 1.22% और टॉपिक्स इंडेक्स 1.1% ऊपर चढ़ा। दक्षिण कोरिया का कोस्पी और ऑस्ट्रेलिया का ASX200 भी 0.4% ऊपर रहा। वहीं, अमेरिकी बाजार में भी तेजी दिखी — S&P 500 में 0.8%, नैस्डैक में 0.97% और डाउ जोंस में 404 अंक की बढ़त रही।
गुरुवार को भी बाजार में बड़ी छलांग
गुरुवार को भी सेंसेक्स 1000 अंक और निफ्टी 304 अंक ऊपर चढ़ा। जानकारों के मुताबिक, वेस्ट एशिया में शांति और घरेलू पॉजिटिव संकेतों से निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ है।