Mumbai Watermelon Death Case: तरबूज बन सकता है जानलेवा! खरीदते समय भूलकर भी न करें ये गलती
Mumbai Watermelon Death Case: तरबूज बन सकता है जानलेवा! खरीदते समय भूलकर भी न करें ये गलती
Mumbai Watermelon Death Case: मुंबई से सामने आई एक दर्दनाक घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। कथित तौर पर एक ही परिवार के चार लोगों की तरबूज खाने के बाद तबीयत बिगड़ी और कुछ ही घंटों में उनकी मौत हो गई। शुरुआती जांच में इसे संदिग्ध फूड पॉइजनिंग माना जा रहा है। इस घटना के बाद गर्मियों में सबसे ज्यादा खाए जाने वाले फल तरबूज को लेकर लोगों के मन में डर बैठ गया है।
रात में खाया तरबूज, सुबह बिगड़ गई हालत
जानकारी के मुताबिक परिवार ने रात में रिश्तेदारों के साथ समय बिताया था। रिश्तेदारों के जाने के बाद घर के लोगों ने तरबूज खाया और सो गए। सुबह उठते ही परिवार के सभी सदस्यों को तेज पेट दर्द, उल्टी और बेचैनी की शिकायत हुई। पहले उन्हें फैमिली डॉक्टर को दिखाया गया, लेकिन हालत लगातार बिगड़ती चली गई। बताया जा रहा है कि कुछ ही समय में शरीर नीला पड़ने लगा, जिसके बाद चारों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों का कहना है कि शरीर में किसी जहरीले टॉक्सिन के जाने की आशंका है।
फूड पॉइजनिंग कैसे बनती है जानलेवा?
विशेषज्ञों के अनुसार फूड पॉइजनिंग तब होती है जब खाने में बैक्टीरिया, वायरस, फंगस या केमिकल टॉक्सिन मौजूद हों। कई बार फलों को जल्दी पकाने, चमकदार दिखाने या लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए हानिकारक केमिकल्स का इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे फल अगर बिना ठीक से धोए या जांचे खा लिए जाएं तो पेट दर्द, उल्टी, दस्त, चक्कर, डिहाइड्रेशन और गंभीर मामलों में मौत तक हो सकती है।
फल खरीदते समय भूलकर भी न करें ये लापरवाही
बाजार से तरबूज या कोई भी फल खरीदते समय उसकी बाहरी सतह जरूर जांचें। कटे, फटे, सड़े या रिसाव वाले फल बिल्कुल न लें। पहले से कटे हुए तरबूज खरीदना सबसे खतरनाक हो सकता है क्योंकि उनमें बैक्टीरिया तेजी से पनपते हैं। खुले में धूप में रखे फल भी जल्दी खराब होते हैं।
घर लाने के बाद फल को बहते पानी और गुनगुने पानी से अच्छी तरह धोना जरूरी है ताकि ऊपर लगे केमिकल्स और गंदगी हट सके। बिना धोए सीधे काटकर खाना जोखिम बढ़ा सकता है।
तरबूज खाते समय रखें खास सावधानी
विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि धूप से आने के तुरंत बाद बहुत ठंडा या गर्म तरबूज न खाएं। जरूरत से ज्यादा मात्रा में भी इसका सेवन न करें। सबसे जरूरी बात—अगर फल का स्वाद, गंध या रंग थोड़ा भी अजीब लगे तो उसे तुरंत फेंक दें।
यह भी पढ़े