दिन के 10,000 कदम नहीं? ऑफिस में करें ये आसान ट्रिक
दिन के 10,000 कदम नहीं? ऑफिस में करें ये आसान ट्रिक
फिट रहने के लिए रोज 10,000 कदम चलने की सलाह तो आपने सुनी होगी, लेकिन व्यस्त लाइफ और काम के दबाव में यह पूरा करना अक्सर मुश्किल हो जाता है। मगर फिट रहने का मतलब सिर्फ चलना नहीं है। असली मकसद है कि आपका शरीर सक्रिय और ऊर्जावान रहे। अगर पूरे दिन 10,000 कदम चलने का समय न मिले, तो भी कुछ आसान और स्मार्ट एक्सरसाइज से आप अपने शरीर और मांसपेशियों को एक्टिव रख सकते हैं। इससे दिल की सेहत भी ठीक रहती है।
डेस्क स्क्वाट
ऑफिस की कुर्सी के पास ही स्क्वाट करना आसान और असरदार है। इसके लिए जिम या वजन की जरूरत नहीं। यह पैरों और कमर की मांसपेशियों को मजबूत करता है और काम के बीच एनर्जी बढ़ाता है।
जंपिंग जैक
जंपिंग जैक क्लासिक लेकिन बहुत प्रभावी एक्सरसाइज है। कुछ मिनट करने से दिल की धड़कन तेज होती है और शरीर की सुस्ती दूर होती है। इसे आप ऑफिस में 30-60 सेकंड कर सकते हैं।
वॉल पुशअप
वॉल पुशअप से छाती, कंधे और हाथ मजबूत होते हैं। इसके लिए दीवार से हाथ की दूरी पर खड़े होकर हाथ कंधे की चौड़ाई में रखें, कोहनी मोड़कर धीरे-धीरे दीवार की ओर झुकें और फिर ऊपर आएं। इसे 10-12 बार दोहरा सकते हैं।
सीटेड लेग रेज
कुर्सी पर सीधे बैठकर पैर उठाकर 5 सेकंड तक पकड़ें और धीरे नीचे लाएं। फिर दूसरे पैर से भी यही करें। इसे 10 बार दोहराया जा सकता है। ऑफिस में बैठे-बैठे भी यह एक्सरसाइज आराम से की जा सकती है और किसी को पता नहीं चलेगा कि आप वर्कआउट कर रहे हैं।