अब परमाणु धमकी नहीं चलेगी! पीएम मोदी का सख्त संदेश – ब्लैकमेल किया तो ...
अब परमाणु धमकी नहीं चलेगी! पीएम मोदी का सख्त संदेश – ब्लैकमेल किया तो ...
Operation Sindoor: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को देश को संबोधित करते हुए पाकिस्तान को साफ चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अब भारत किसी भी तरह की परमाणु धमकी या ब्लैकमेल सहन नहीं करेगा। अगर न्यूक्लियर धमकी की आड़ में आतंक फैलाया गया, तो भारत सटीक और कड़ी कार्रवाई करेगा। उन्होंने बताया कि सेना, एयरफोर्स, नेवी, बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स और अर्धसैनिक बल पूरी तरह अलर्ट पर हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक के बाद अब 'ऑपरेशन सिंदूर' भारत की नई नीति बन चुका है। उन्होंने कहा कि भारत पर हमला हुआ तो जवाब भी उसी ताकत से मिलेगा। भारत अब आतंकियों के अड्डों पर जाकर सख्त कार्रवाई करेगा।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि आतंक फैलाने वालों और उन्हें समर्थन देने वाली सरकारों में कोई फर्क नहीं किया जाएगा। उन्होंने पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान मारे गए आतंकियों को पाकिस्तान की सेना के बड़े अफसरों ने सम्मान के साथ विदाई दी, जो बताता है कि पाकिस्तान आतंक को खुला समर्थन दे रहा है।
पीएम मोदी ने भारत में बने हथियारों की तारीफ करते हुए कहा कि इस ऑपरेशन में मेड इन इंडिया हथियारों ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि रेगिस्तान और पहाड़ों से लेकर नई तकनीक वाले युद्ध तक भारत ने अपनी ताकत साबित की है। अब दुनिया मान रही है कि 21वीं सदी के युद्धों में मेड इन इंडिया हथियारों की अहम भूमिका होगी।
अंत में, पीएम मोदी ने कहा कि हमें आतंकवाद के खिलाफ एकजुट रहना होगा। ये न तो युद्ध का समय है और न ही आतंकवाद का। आतंक के खिलाफ जीरो टॉलरेंस ही एक सुरक्षित और बेहतर दुनिया की गारंटी है।