मुंबई में ‘ह्यूमन बम’ धमकी से हड़कंप, गणेश विसर्जन पर अलर्ट
मुंबई में ‘ह्यूमन बम’ धमकी से हड़कंप, गणेश विसर्जन पर अलर्ट
मुंबई पुलिस हाई अलर्ट पर है, क्योंकि ट्रैफिक पुलिस हेल्पलाइन पर एक कॉल मिली जिसमें दावा किया गया कि 34 गाड़ियों में “ह्यूमन बम” और 400 किलो आरडीएक्स रखा गया है, जिससे पूरे शहर को दहलाने की साजिश है। धमकी देने वाले संगठन ने खुद को ‘लश्कर-ए-जिहादी’ बताया।
यह धमकी अनंत चतुर्दशी से ठीक पहले आई है, जब शहरभर में लाखों लोग गणेश विसर्जन में शामिल होते हैं। ऐसे में सुरक्षा को देखते हुए पूरे महाराष्ट्र में चेकिंग और निगरानी कड़ी कर दी गई है।
पिछले दिनों भी मुंबई और आसपास कई बार बम धमकी की अफवाहें फैलाई गईं। अगस्त में गिरगांव स्थित ISKCON मंदिर और जुलाई में मुंबई एयरपोर्ट पर धमकी कॉल आई थी, जो बाद में फर्जी निकली। हाल ही में ठाणे जिले में भी एक व्यक्ति को झूठी धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस का कहना है कि किसी भी स्थिति को हल्के में नहीं लिया जा रहा और जांच एजेंसियां पूरी सतर्कता से काम कर रही हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।