Philippines Earthquake 6.1 तीव्रता के भूकंप से कांपी धरती दहशत में लोग
Philippines Earthquake 6.1 तीव्रता के भूकंप से कांपी धरती दहशत में लोग
फिलीपींस में एक बार फिर भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए हैं। शुक्रवार (17 अक्टूबर 2025) को मिंडानाओ क्षेत्र में 6.1 तीव्रता का भूकंप आया, जिसकी पुष्टि जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज (GFZ) ने की है। इसी इलाके में एक हफ्ते पहले 7.5 तीव्रता का भीषण भूकंप आया था। अब फिर से झटके आने से लोग डर गए हैं। यूरोपीय-भूमध्यसागरीय भूकंप केंद्र (EMSC) के अनुसार, यह भूकंप जमीन से करीब 62 किलोमीटर गहराई में आया था।
भूकंप के कारण कई स्कूल और एक अस्पताल को नुकसान पहुंचा है। कुछ जगहों पर बिजली चली गई और लोग खुले मैदानों में रात बिताने को मजबूर हुए। प्रशासन ने राहत कार्य शुरू कर दिया है और मेडिकल टीमें प्रभावित इलाकों में भेजी जा रही हैं।
भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी जारी की गई थी, क्योंकि झटके काफी तेज थे। तटीय इलाकों को खाली कराया गया, लेकिन कुछ घंटे बाद खतरा टलने पर चेतावनी हटा ली गई।
दावाओ सिटी, जो भूकंप के केंद्र के पास है, वहां अफरा-तफरी मच गई। स्कूलों और सरकारी दफ्तरों को खाली कराया गया और लोगों को ऊंचे इलाकों में जाने को कहा गया। अधिकारियों ने बताया कि अब भी आफ्टरशॉक्स यानी हल्के झटके आने की संभावना बनी हुई है।
फिलीपींस प्रशांत महासागर के "रिंग ऑफ फायर" इलाके में आता है, जहां अक्सर भूकंप और ज्वालामुखी विस्फोट होते रहते हैं। यही वजह है कि यहां हर साल कई छोटे-बड़े भूकंप महसूस किए जाते हैं।