केरल में PM मोदी का कांग्रेस पर हमला, मिडिल ईस्ट संकट पर राजनीति का आरोप
केरल में PM मोदी का कांग्रेस पर हमला, मिडिल ईस्ट संकट पर राजनीति का आरोप
मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर राजनीति करने और अफवाह फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया की स्थिति को लेकर देश के लोगों का चिंतित होना स्वाभाविक है, क्योंकि वहां लाखों भारतीय काम करते हैं। पीएम मोदी ने भरोसा दिलाया कि जब भी कोई भारतीय विदेश में संकट में फंसता है, सरकार उसे सुरक्षित निकालने के लिए पूरी ताकत लगाती है।
पीएम मोदी ने कहा कि इतने बड़े वैश्विक संकट के बीच कांग्रेस राजनीति करने की कोशिश कर रही है। उनके मुताबिक कांग्रेस जानबूझकर भड़काऊ और गैर-जिम्मेदाराना बयान दे रही है, जिससे हालात बिगड़ सकते हैं और वहां रह रहे भारतीयों को खतरा हो सकता है। उन्होंने कहा कि बाद में यही लोग सरकार को घेरने की कोशिश करते हैं।
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस और वाम दलों पर देश में डर और अफवाह फैलाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने लोगों से ऐसी अफवाहों से सावधान रहने की अपील की।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में आत्मनिर्भर भारत का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बीजेपी-एनडीए सरकार देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम कर रही है, जबकि कांग्रेस और लेफ्ट इस अभियान का मजाक उड़ाते हैं। उनके मुताबिक पिछली सरकारों की नीतियों की वजह से भारत कई क्षेत्रों में विदेशों पर ज्यादा निर्भर हो गया था।
उन्होंने कहा कि मौजूदा वैश्विक संकट ने एक बार फिर आत्मनिर्भर बनने की जरूरत को साबित कर दिया है। ऊर्जा के क्षेत्र में विदेशों पर निर्भरता कम करने के लिए सरकार ने सोलर एनर्जी को बढ़ावा दिया है और पेट्रोल-डीजल पर निर्भरता घटाने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
यह भी पढ़े