PM मोदी का मणिपुर दौरा: 8,500 करोड़ की सौगात से करेंगे चुनावी धमाका

Updated on 2025-09-13T10:19:17+05:30

PM मोदी का मणिपुर दौरा: 8,500 करोड़ की सौगात से करेंगे चुनावी धमाका

PM मोदी का मणिपुर दौरा: 8,500 करोड़ की सौगात से करेंगे चुनावी धमाका

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (13 सितंबर) मणिपुर का दौरा करेंगे। 2023 में हुई जातीय हिंसा के बाद यह उनका पहला दौरा है, जिसमें 260 से ज्यादा लोगों की मौत और हजारों लोग विस्थापित हुए थे। इस यात्रा को राज्य में शांति और विकास की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

पीएम मोदी मिजोरम की राजधानी आइजोल से दौरा शुरू करेंगे, जहां वे 9,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

इनमें रेलवे लाइन, बाईपास रोड, पुल, एलपीजी बॉटलिंग प्लांट और खेल सुविधाएं शामिल हैं।

इसके बाद वे मणिपुर के चुराचांदपुर जाएंगे, जो हिंसा से सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में से एक है। 1988 के बाद चुराचांदपुर जाने वाले वे पहले प्रधानमंत्री होंगे।

दोपहर में पीएम इंफाल जाएंगे और 1,200 करोड़ रुपये से ज्यादा की परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। यहां वे जनता को भी संबोधित करेंगे।

इन परियोजनाओं में नया पुलिस मुख्यालय, सिविल सचिवालय, ड्रेनेज और इंफोटेक प्रोजेक्ट शामिल हैं।

राज्य सरकार का कहना है कि प्रधानमंत्री का यह दौरा मणिपुर में शांति और विकास का नया रास्ता खोलेगा।

पीएम मोदी ने भी अपने X पोस्ट में मणिपुर के समावेशी विकास की प्रतिबद्धता जताई और कहा कि सड़कों, राजमार्गों, महिला होस्टल और अन्य परियोजनाओं का शिलान्यास होगा।

बता दें, 2023 में जातीय हिंसा की शुरुआत 3 मई को एक ‘ट्राइबल सॉलिडैरिटी मार्च’ से हुई थी, जो मैतेई समुदाय को एसटी दर्जा देने के विरोध में निकाला गया था।

विपक्ष ने उस समय मणिपुर में पीएम की गैरमौजूदगी पर सवाल उठाए थे और इसे लेकर संसद में अविश्वास प्रस्ताव भी लाया था।