Symptom of Tinnitus: कौन सी बीमारी में कान में सीटी जैसी आवाज आती है और यह कितनी गंभीर हो सकती है?
Symptom of Tinnitus: कौन सी बीमारी में कान में सीटी जैसी आवाज आती है और यह कितनी गंभीर हो सकती है?
Symptom of Tinnitus:अगर आपके कान में अचानक घंटी या सीटी की आवाज सुनाई देने लगे, तो इसे हल्के में लेना बहुत खतरनाक हो सकता है। इसे टिनिटस कहा जाता है। इस बीमारी में आपको ऐसी आवाजें सुनाई देती हैं, जो कोई और नहीं सुन पाता। लोग अक्सर इसे नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन इससे धीरे-धीरे गंभीर समस्या हो सकती है। समय पर इलाज न करने पर सुनने की क्षमता कम हो सकती है, मानसिक स्वास्थ्य प्रभावित हो सकता है और गंभीर मामलों में बहरेपन तक का खतरा हो सकता है।
डॉक्टरों के अनुसार, यह समस्या कान की नसों में गड़बड़ी की वजह से होती है। इसके अलावा कान में ब्लॉकेज, हियरिंग लॉस, कान का इन्फेक्शन, साइनस, हार्मोनल बदलाव, थायराइड या ब्रेन ट्यूमर जैसी स्थितियों में भी टिनिटस हो सकता है। कभी-कभी हार्ट डिजीज और सर्कुलेटरी इन्फेक्शन भी कारण बन सकते हैं।
टिनिटस को लगातार नजरअंदाज किया जाए तो यह सुनने की क्षमता पूरी तरह खत्म कर सकता है। कुछ मामलों में मरीज फेशियल पैरालिसिस, डिप्रेशन और गंभीर मानसिक परेशानियों का शिकार हो जाते हैं। अभी इसका कोई पक्का इलाज नहीं है, लेकिन साउंड बेस्ड थेरेपी, बिहेवियरल और कॉग्निटिव थेरेपी, एंटी-एंग्जायटी और एंटी-डिप्रेशन दवाएं, योग और मेडिटेशन से राहत मिल सकती है।
रिसर्च बताती है कि ट्रैफिक और नॉइज़ पॉल्यूशन भी टिनिटस का बड़ा कारण हैं। जिन लोगों का घर व्यस्त सड़कों के पास है, उन्हें ज्यादा खतरा होता है। लगातार तेज आवाज कानों पर दबाव डालती है, जिससे सुनने की क्षमता प्रभावित होती है और सीटी बजने की समस्या शुरू हो जाती है। इंसान आमतौर पर 70-80 डेसिबल तक की आवाज सह सकता है, इससे ज्यादा शोर कानों के लिए नुकसानदेह है। कैब ड्राइवर और डिलीवरी बॉय जैसे पेशे वाले लोग इस बीमारी के ज्यादा खतरे में रहते हैं।