फिर ट्रंप ने क्यों कहा... भारत और अमेरिका के नेताओं के बीच बातचीत में व्यापार का कोई जिक्र नहीं!
फिर ट्रंप ने क्यों कहा... भारत और अमेरिका के नेताओं के बीच बातचीत में व्यापार का कोई जिक्र नहीं!
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बार-बार भारत-पाकिस्तान सैन्य संघर्ष के बीच अपनी बातों से मुश्किल में पड़ रहे हैं। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, भारत और अमेरिका के शीर्ष नेताओं के बीच हुई बातचीत में व्यापार पर कोई चर्चा नहीं हुई थी। हालांकि, ट्रंप ने दावा किया है कि उन्होंने व्यापार में कटौती की धमकी देकर भारत और पाकिस्तान पर संघर्ष रोकने का दबाव डाला। लेकिन भारत ने साफ किया है कि पाकिस्तान के साथ सीजफायर में किसी तीसरे देश का कोई हस्तक्षेप नहीं था।
सूत्रों ने बताया कि अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने 9 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत की, लेकिन इसमें व्यापार पर कोई चर्चा नहीं हुई। इसके अलावा, अमेरिका के विदेश मंत्री और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार ने भी व्यापार के बारे में कोई बात नहीं की।
ट्रंप ने सोमवार को दावा किया कि उन्होंने व्यापार के मुद्दे को उठाकर भारत और पाकिस्तान को शत्रुता खत्म करने के लिए मजबूर किया। उन्होंने कहा कि अगर दोनों देश संघर्ष रोकते हैं, तो अमेरिका उनके साथ व्यापार करेगा, और अगर नहीं, तो कोई व्यापार नहीं होगा। ट्रंप ने कहा कि व्यापार के दबाव के कारण ही दोनों देशों ने संघर्ष रोकने का फैसला किया।