ईरान-इजरायल संघर्ष पर ट्रंप की नाराज़गी, कहा- "बमबारी बंद करो, पायलटों को वापस बुलाओ"
ईरान-इजरायल संघर्ष पर ट्रंप की नाराज़गी, कहा- "बमबारी बंद करो, पायलटों को वापस बुलाओ"
ईरान और इजरायल के बीच घोषित संघर्ष विराम टूटने के बाद स्थिति फिर से तनावपूर्ण हो गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दोनों देशों पर संघर्ष विराम के उल्लंघन का आरोप लगाया, लेकिन खासतौर पर इजरायल पर नाराज़गी जाहिर करते हुए कहा कि वह बमबारी रोके और "अपने पायलटों को तुरंत घर बुलाए"।
इस बीच, इजरायल के रक्षा मंत्री इस्राइल काट्ज़ ने बताया कि उन्होंने तेहरान पर "तीव्र हमलों" का आदेश दिया है। उन्होंने ईरान पर अमेरिका और क़तर की मध्यस्थता में हुए युद्धविराम को तोड़ने का आरोप लगाया। इजरायल की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि उनकी सेना ने तेहरान के पास एक रडार सिस्टम को तबाह कर दिया, जो ईरानी हमलों के जवाब में किया गया। हालांकि, प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने ट्रंप से बातचीत के बाद आगे की कार्रवाई रोक दी।
बयान के अनुसार, ट्रंप ने फोन कॉल में इजरायल की सैन्य उपलब्धियों की सराहना की और संघर्षविराम की स्थिरता को लेकर भरोसा जताया। उधर, ईरान ने सभी आरोपों से इनकार किया है और कहा कि अगर इजरायल ने फिर हमला किया तो वह पूरी ताकत से जवाब देने को तैयार है।
ईरान के मुताबिक, इजरायली हमलों में अब तक 400 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें 13 बच्चे भी शामिल हैं, जबकि 3,000 से अधिक घायल हुए हैं। वहीं ईरान के हमलों में इजरायल में अब तक 24 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। ईरान ने सोमवार को कतर स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकाने पर मिसाइल हमला भी किया, जो उसके परमाणु ठिकानों पर हुए हमलों की प्रतिक्रिया में था।