ट्रंप का ‘वन बिग ब्यूटीफुल बिल’ सीनेट में हुआ पास, अब क्या एलन मस्क बनाएंगे नई पार्टी?
ट्रंप का ‘वन बिग ब्यूटीफुल बिल’ सीनेट में हुआ पास, अब क्या एलन मस्क बनाएंगे नई पार्टी?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की महत्वाकांक्षी ‘One Big Beautiful Bill’ (OBBB) को सीनेट की मंज़ूरी मिल गई है। 4.5 ट्रिलियन डॉलर के इस बिल में ट्रंप के पहले कार्यकाल के टैक्स कट को बढ़ाने, सीमा सुरक्षा को मज़बूत करने और कई बड़े आर्थिक प्रस्ताव शामिल हैं। हालांकि यह बिल देश के कर्ज़ में $3 ट्रिलियन से अधिक की बढ़ोतरी और करोड़ों गरीब अमेरिकियों की हेल्थकेयर सेवाओं में कटौती भी करेगा, जिस पर पहले से ही विवाद बना हुआ है।
इस बिल को लेकर टेक टाइकून एलन मस्क और ट्रंप के बीच पिछले महीने से खुला टकराव जारी है। मस्क ने बिल की तीखी आलोचना करते हुए न सिर्फ ट्रंप प्रशासन की नीतियों को “अप्रासंगिक” बताया था, बल्कि एक नई राजनीतिक पार्टी बनाने की सार्वजनिक अपील भी की थी।
सीनेट में बिल के पास होने के बाद एलन मस्क ने एक बार फिर अपनी बात दोहराई और संकेत दिए कि वह मौजूदा रिपब्लिकन नेतृत्व से अलग होकर राजनीतिक विकल्प तैयार करने के पक्ष में हैं। मस्क पहले ट्रंप के करीबी माने जाते थे और ‘Department of Government Efficiency’ (DOGE) का नेतृत्व भी कर चुके थे, लेकिन अब दोनों के रास्ते पूरी तरह अलग हो चुके हैं।
बिल पास होने से जहां ट्रंप को चुनावी बढ़त मिलने की संभावना है, वहीं एलन मस्क का अगला क़दम अमेरिकी राजनीति में नई हलचल पैदा कर सकता है। अब निगाहें इस पर टिकी हैं कि क्या मस्क वाकई अपनी नई पार्टी की घोषणा करेंगे या यह महज़ एक दबाव की रणनीति है।