ट्रंप की धमकी का बाजार पर असर नहीं, खुलते ही सेंसेक्स-निफ्टी में जबरदस्त उछाल
ट्रंप की धमकी का बाजार पर असर नहीं, खुलते ही सेंसेक्स-निफ्टी में जबरदस्त उछाल
Share Market Today: भारत से आने वाले सामानों पर 20-25% टैरिफ लगाने की ट्रंप की धमकी का असर बुधवार को शेयर बाजार पर नहीं दिखा। बाजार ने दमदार शुरुआत की। बीएसई सेंसेक्स 256 अंकों की तेजी के साथ 81,594 पर खुला, जबकि एनएसई निफ्टी-50 69 अंकों की बढ़त के साथ 24,980 के स्तर पर ट्रेड करता नजर आया।
इन शेयरों पर नजर रहेगी
आज टाटा स्टील, पावर ग्रिड, इंडिगो (InterGlobe Aviation), और हुंडई मोटर कंपनी के तिमाही नतीजे आने वाले हैं, जिन पर निवेशकों की नजर बनी रहेगी। इसके अलावा, देश की सबसे पुरानी डिपॉजिटरी कंपनी NSDL का IPO भी आज खुल गया है। इसका साइज 1,300 करोड़ रुपये का है और मंगलवार को एंकर निवेशकों से कंपनी ने 1,201 करोड़ रुपये जुटा लिए थे।
एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख
बुधवार को एशियाई बाजारों में मिलाजुला रुख देखने को मिला। अमेरिकी टैरिफ को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। जापान का निक्केई इंडेक्स थोड़ा गिरा, लेकिन टॉपिक्स में हल्की बढ़त दिखी। कोरिया के बाजारों में तेजी रही, लेकिन हांगकांग का बाजार गिरा और चीन के शंघाई कंपोजिट में थोड़ी बढ़त देखी गई।
अमेरिकी बाजार में सुस्ती
अमेरिकी शेयर बाजारों में ज्यादा हलचल नहीं दिखी। निवेशक फेडरल रिजर्व के ब्याज दरों पर फैसले और कंपनियों के तिमाही नतीजों का इंतजार कर रहे हैं। S&P 500 और नैस्डैक के वायदा सौदों में मामूली बढ़त रही, जबकि डॉव जोन्स थोड़ी गिरावट के साथ बंद हुआ।
डॉलर और कच्चे तेल का हाल
डॉलर इंडेक्स 0.21% की गिरावट के साथ 98.72 पर आ गया। भारतीय रुपया भी कमजोर होकर 86.81 पर बंद हुआ। वहीं, कच्चे तेल की कीमतों में हल्की तेजी रही। WTI क्रूड 69.24 डॉलर और ब्रेंट क्रूड 72.60 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखा।