UPSC CMS Exam 2026: सरकारी डॉक्टर बनने का मौका, UPSC CMS परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू
UPSC CMS Exam 2026: सरकारी डॉक्टर बनने का मौका, UPSC CMS परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू
UPSC CMS Exam 2026: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने संयुक्त चिकित्सा सेवा परीक्षा (CMS) 2026 के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस परीक्षा में शामिल होने के इच्छुक उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार यूपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर जाकर फॉर्म भर सकते हैं।
आवेदन प्रक्रिया 11 मार्च से शुरू हुई है और 31 मार्च 2026 तक चलेगी। इसलिए उम्मीदवारों को समय रहते आवेदन करने की सलाह दी गई है। संयुक्त चिकित्सा सेवा परीक्षा हर साल आयोजित की जाती है, जिसके जरिए केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों और सेवाओं के लिए योग्य चिकित्सा पेशेवरों की भर्ती की जाती है। इस भर्ती के माध्यम से जनरल ड्यूटी मेडिकल ऑफिसर (GDMO), असिस्टेंट डिविजनल मेडिकल ऑफिसर (ADMO) समेत कई मेडिकल पदों पर नियुक्तियां की जाती हैं।
कब होगी परीक्षा
यूपीएससी संयुक्त चिकित्सा सेवा परीक्षा का आयोजन 2 अगस्त 2026 को देशभर में किया जाएगा। यह जानकारी यूपीएससी के परीक्षा कैलेंडर में दी गई है। इसलिए उम्मीदवारों को अपनी तैयारी अभी से शुरू कर देनी चाहिए।
कौन कर सकता है आवेदन
इस परीक्षा के लिए वही उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं जिनके पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से एमबीबीएस की डिग्री हो। एमबीबीएस के अंतिम वर्ष के छात्र भी इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की अधिकतम आयु सीमा 32 वर्ष निर्धारित की गई है।
दो चरणों में होगी परीक्षा
यह परीक्षा दो चरणों में आयोजित की जाती है। पहले चरण में 500 अंकों की लिखित परीक्षा होती है। लिखित परीक्षा में सफल होने वाले उम्मीदवारों को अगले चरण यानी पर्सनैलिटी टेस्ट के लिए बुलाया जाता है, जो 100 अंकों का होता है। दोनों चरणों के अंकों के आधार पर अंतिम परिणाम जारी किया जाता है।
यह भी पढ़े