AI रेस में कौन बनेगा असली धुरंधर? Elon Musk की चौंकाने वाली भविष्यवाणी

Updated on 2026-03-20T12:55:28+05:30

AI रेस में कौन बनेगा असली धुरंधर? Elon Musk की चौंकाने वाली भविष्यवाणी

AI रेस में कौन बनेगा असली धुरंधर? Elon Musk की चौंकाने वाली भविष्यवाणी

SpaceX के प्रमुख एलन मस्क ने AI रेस को लेकर एक चौंकाने वाली भविष्यवाणी की है, जिसने टेक दुनिया में चर्चा बढ़ा दी है। मस्क ने एक पोस्ट के जवाब में कहा कि अमेरिका में गूगल AI की रेस जीतेगा, चीन धरती पर बढ़त बनाएगा, जबकि उनकी कंपनी स्पेसएक्स अंतरिक्ष में AI की दौड़ में आगे रहेगी।

दरअसल, मस्क यह टिप्पणी अबेकस AI की CEO और गूगल की पूर्व कर्मचारी बिंडी रेड्डी के एक पोस्ट पर कर रहे थे। रेड्डी ने गूगल के जेमिनी 3.0 मॉडल को लेकर निराशा जताई थी। उनका कहना था कि यह मॉडल उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा, जिसके चलते उन्हें अभी भी जेमिनी 2.5 पर निर्भर रहना पड़ रहा है। उन्होंने गूगल से बड़े स्तर पर एक साथ कई AI मॉडल्स को ट्रेन करने और ज्यादा प्रयोग करने की सलाह भी दी।

रेड्डी ने अपने पोस्ट में लिखा कि जेमिनी 3.0 ठीक से काम नहीं कर पाया और यह समझना मुश्किल है कि गूगल बड़े पैमाने पर प्रयोग क्यों नहीं कर रहा। इसी पर जवाब देते हुए मस्क ने अपनी भविष्यवाणी साझा की, जिसमें उन्होंने अलग-अलग क्षेत्रों में AI की संभावित जीत की बात कही।

मस्क का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब दुनियाभर में AI को लेकर प्रतिस्पर्धा तेजी से बढ़ रही है। बड़ी टेक कंपनियां नए-नए मॉडल्स और तकनीकों पर काम कर रही हैं, ताकि इस रेस में आगे निकल सकें।

हाल ही में मस्क ने अपनी कंपनी xAI को लेकर भी खुलकर बात की थी। उन्होंने माना था कि उनकी कंपनी फिलहाल अपने प्रतिस्पर्धियों से पीछे है, लेकिन जल्द ही यह अंतर खत्म हो जाएगा। मस्क का दावा है कि इस साल के अंत तक xAI अपने कॉम्पिटिटर के बराबर पहुंच जाएगी और अगले कुछ सालों में उनसे काफी आगे निकल जाएगी।

उन्होंने यहां तक कहा कि भविष्य में xAI इतनी आगे हो सकती है कि बाकी कंपनियों को देखने के लिए “जेम्स वेब टेलिस्कोप” की जरूरत पड़े।

कुल मिलाकर, मस्क की इस भविष्यवाणी ने AI रेस को लेकर नई बहस छेड़ दी है और यह साफ है कि आने वाले समय में टेक कंपनियों के बीच प्रतिस्पर्धा और तेज होने वाली है

यह भी पढ़े 

Instagram Reels देखना अब और आसान, कंपनी ने खत्म किया बड़ा झंझट एक झटके में