जेवर एयरपोर्ट सफर आसान, दिल्ली-नोएडा से चलेंगी 50 ई-बसें

Updated on 2026-05-14T14:50:19+05:30

जेवर एयरपोर्ट सफर आसान, दिल्ली-नोएडा से चलेंगी 50 ई-बसें

जेवर एयरपोर्ट सफर आसान, दिल्ली-नोएडा से चलेंगी 50 ई-बसें

दिल्ली-NCR में सफर करने वाले लाखों यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. नोएडा प्राधिकरण जल्द ही नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और जेवर एयरपोर्ट के बीच 50 इलेक्ट्रिक बसें चलाने जा रहा है. खास बात यह है कि इन बसों में यात्रियों को मोबाइल ऐप से टिकट बुकिंग, ऑनलाइन पेमेंट और लाइव लोकेशन जैसी स्मार्ट सुविधाएं मिलेंगी. बसों का न्यूनतम किराया सिर्फ 10 रुपये रखा जाएगा, जबकि लंबी दूरी के लिए करीब 50 रुपये तक किराया तय किया जा सकता है. प्राधिकरण का लक्ष्य अगले दो महीनों में सेवा शुरू करने का है.

जेवर एयरपोर्ट कनेक्टिविटी को मिलेगा बड़ा बूस्ट

नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश ने अधिकारियों के साथ बैठक कर परियोजना की तैयारियों की समीक्षा की. उन्होंने बताया कि यह बस सेवा सिर्फ नोएडा और ग्रेटर नोएडा तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि दिल्ली के सराय काले खां, आनंद विहार, गाजियाबाद रैपिड मेट्रो स्टेशन और जेवर एयरपोर्ट तक भी चलाई जाएगी. इससे एयरपोर्ट पहुंचना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो जाएगा.

ऐप से टिकट बुकिंग और डिजिटल पेमेंट की सुविधा

यात्रियों के लिए अलग मोबाइल ऐप लॉन्च किया जाएगा, जहां से लोग सीट बुकिंग, किराया भुगतान और बस की लाइव लोकेशन देख सकेंगे. इससे सफर ज्यादा आसान और स्मार्ट बनने वाला है. अधिकारियों का कहना है कि इस सेवा से निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलेगा.

10 डबल डेकर बसें भी दौड़ेंगी

पहले चरण में 50 इलेक्ट्रिक बसें सड़कों पर उतरेंगी. इनमें 9 मीटर और 12 मीटर लंबी बसें शामिल होंगी. खास आकर्षण 10 डबल डेकर बसें होंगी, जो सेक्टर-38 बोटैनिकल गार्डन से परी चौक तक चलेंगी. बस संचालन के लिए करीब 150 कर्मचारियों का स्टाफ तैनात किया जाएगा.

हर 10-15 मिनट में मिलेगी बस

प्राधिकरण के मुताबिक यात्रियों को ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा. हर रूट पर 10 से 15 मिनट के अंतराल में बस उपलब्ध होगी. इन बसों का संचालन सेक्टर-90 डिपो और बोटैनिकल गार्डन से ग्रेटर नोएडा, वेस्ट गौर सिटी, जेवर एयरपोर्ट, सेक्टर-62, सूरजपुर, सराय काले खां, आनंद विहार और गाजियाबाद तक किया जाएगा.

यह भी पढ़े 

NEET हटाओ, 12वीं अंकों से मेडिकल एडमिशन चाहते हैं सीएम विजय