Air Canada Plane Accident: न्यूयॉर्क एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा, रनवे पर ट्रक से टकराया प्लेन, कई घायल
Air Canada Plane Accident: न्यूयॉर्क एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा, रनवे पर ट्रक से टकराया प्लेन, कई घायल
न्यूयॉर्क के ला गार्डिया एयरपोर्ट पर सोमवार (23 मार्च) को एक बड़ा हादसा हो गया, जिसने हवाई सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। एयर कनाडा एक्सप्रेस का एक विमान रनवे पर खड़े एक ग्राउंड व्हीकल, यानी दमकल वाहन से टकरा गया। इस टक्कर में विमान का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई लोग घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया और राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
हादसे के बाद तुरंत एक्शन
घटना के बाद घायल लोगों को तुरंत अस्पताल भेजने की तैयारी की गई। राहत टीमों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। विमान और ग्राउंड स्टाफ से जुड़े लोगों की हालत पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके।
सभी फ्लाइट्स पर लगाया गया ग्राउंड स्टॉप
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, यूएस फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने घटना के बाद बड़ा फैसला लेते हुए सभी उड़ानों पर अस्थायी रोक लगा दी। इसका मतलब है कि कुछ समय के लिए कोई भी फ्लाइट टेकऑफ नहीं कर सकेगी। यह कदम सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।
लैंडिंग और टेकऑफ दोनों पर असर
हादसे के बाद ला गार्डिया एयरपोर्ट पर आने वाली फ्लाइट्स को डायवर्ट किया गया। न सिर्फ उड़ानों की टेकऑफ रोकी गई, बल्कि लैंडिंग भी बंद कर दी गई। सोशल मीडिया पर इस घटना के कई वीडियो और तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें विमान को नुकसान पहुंचा हुआ देखा जा सकता है।
पहले भी हो चुके हैं हादसे
यह पहला मौका नहीं है जब इस एयरपोर्ट पर ऐसा हादसा हुआ हो। अक्टूबर 2025 में टैक्सीवे पर डेल्टा एयरलाइंस के दो विमान आपस में टकरा गए थे। इसके अलावा 2016 में एक विमान रनवे से फिसलकर घास में चला गया था, जिसमें तत्कालीन उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार माइक पेंस सवार थे।
क्यों चुनौतीपूर्ण है यह एयरपोर्ट?
ला गार्डिया एयरपोर्ट पायलटों के लिए काफी चुनौतीपूर्ण माना जाता है। यह एयरपोर्ट चारों ओर से पानी से घिरा हुआ है और इसका रनवे भी अपेक्षाकृत छोटा है। ऐसे में यहां लैंडिंग और टेकऑफ के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ती है। यही वजह है कि यहां छोटी सी चूक भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
यह भी पढ़े