मौत को मात देकर झरने से कूदा एथलीट, दंग रह गए लोग

Updated on 2026-02-26T14:46:20+05:30

मौत को मात देकर झरने से कूदा एथलीट, दंग रह गए लोग

मौत को मात देकर झरने से कूदा एथलीट, दंग रह गए लोग

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोगों की धड़कनें तेज हो गई। वीडियो में एक शख्स विशाल झरने की ऊंचाई से बोट सहित नीचे कूदता नजर आता है। तेज बहाव, गहराई और नीचे उठते भंवर को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि जरा सी चूक जानलेवा साबित हो सकती थी।

वीडियों की शुरुआत एक ऊंचे और चौड़े झरने के दृश्य से होती है। पानी की धार इतनी ताकतवर है कि सामान्य व्यक्ति उसके पास खड़े होने से भी डर जाए। लेकिन इसी झरने के किनारे एक एथलीट अपनी बोट को नियंत्रित करते हुए दिखाई देता है। कुछ ही सेकंड बाद वह झरने की धार के साथ नीचे गिरता है और पानी में पूरी तरह गायब हो जाता है।

पहले तो ऐसा लगता है कि शायद वह तेज बहाव में बह गया होगा या पानी की गहराई में फँस गया होगा। आसपास मौजूद लोग भी कुछ पल के लिए स्तब्ध नजर आते हैं। लेकिन कुछ ही सेकंड बाद वह पानी की सतह पर उभरता है और अपनी बोट को संतुलित करते हुए बाहर निकल आता है। यही पल वीडियो को और भी रोमांचक बना देता है।

बताया जा रहा है कि यह स्टंट करने वाला शख्स पेशेवर कायकिंग एथलीट डेन जैकसन है, जो पहले भी कई खतरनाक झरनों और रैपिड्स पर स्टंट कर चुका है। पेशेवर स्तर पर इस तरह के एडवेंचर स्पोर्ट्स में गहन प्रशिक्षण, सुरक्षा उपकरण और अनुभव की बड़ी भूमिका होती है। हालांकि वीडियो देखने वाले आम लोग इसे देखकर दंग रह गए।

यह क्लिप सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर @danejacksonkayak नाम के अकाउंट से साझा की गई है। करीब 14 सेकंड के इस वीडियो को हजारों लोग देख चुके हैं और सैकड़ों यूजर्स ने अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं।

कुछ लोगों ने इसे "पागलपन की हद" बताया, तो कुछ ने इसे "एड्रेनालाईन से भरा अविश्वसनीय साहस" कहा। वहीं कई यूजर्स ने यह भी लिखा कि ऐसे स्टंट प्रशिक्षित पेशेवरों ‌द्वारा ही किए जाने चाहिए और आम लोगों को इसकी नकल नहीं करनी चाहिए।

विशेषज्ञों का मानना है कि एडवेंचर स्पोर्ट्स में जोखिम हमेशा मौजूद रहता है। ऊंचे झरनों से कायकिंग या बोटिंग करना बेहद खतरनाक होता है और इसमें छोटी सी गलती गंभीर हादसे में बदल सकती है। ऐसे स्टंट के पीछे लंबी तैयारी, मौसम की समझ और सुरक्षा योजना शामिल होती है।

यह वीडियो एक बार फिर याद दिलाता है कि रोमांच और खतरे के बीच की दूरी बहुत कम होती है। जहां एक ओर यह साहस और कौशल का प्रदर्शन है, वहीं दूसरी और यह जोखिम का भी प्रतीक हैं। इसलिए विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि बिना उचित प्रशिक्षण और सुरक्षा के ऐसे प्रयास कभी न करें।

यह भी पढ़े 

हार के बाद भी उम्मीद जिंदा! पाकिस्तान का सेमीफाइनल गणित