दिल्ली: चलती बस में दरिंदगी, समय पूछना युवती को पड़ा भारी

Updated on 2026-05-14T13:11:54+05:30

दिल्ली: चलती बस में दरिंदगी, समय पूछना युवती को पड़ा भारी

दिल्ली: चलती बस में दरिंदगी, समय पूछना युवती को पड़ा भारी

राजधानी दिल्ली के रानी बाग इलाके से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. देर रात फैक्ट्री से घर लौट रही 30 वर्षीय महिला के साथ चलती स्लीपर बस में गैंगरेप किया गया. पीड़िता ने बताया कि उसने सड़क किनारे खड़े एक युवक से सिर्फ समय पूछा था, लेकिन अगले ही पल उसकी जिंदगी खौफ में बदल गई.

जबरन बस में खींचकर दो घंटे तक दरिंदगी

महिला के मुताबिक युवक ने उसे जबरदस्ती बस के अंदर खींच लिया, जहां पहले से कई लोग मौजूद थे. इसके बाद चलती बस में करीब दो घंटे तक उसके साथ हैवानियत होती रही. बस दिल्ली के कई इलाकों में घूमती रही और नांगलोई तक पहुंच गई. इस दौरान महिला लगातार मदद के लिए चिल्लाती रही, लेकिन किसी ने उसकी आवाज नहीं सुनी.

आरोपियों ने महिला के साथ मारपीट भी की और फिर घायल हालत में सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए. किसी तरह खुद को संभालते हुए पीड़िता ने पुलिस को घटना की जानकारी दी.

मेडिकल जांच में हुई दुष्कर्म की पुष्टि

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को अस्पताल ले जाया गया. मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हुई है. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल स्लीपर बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके.

पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें बनाई गई हैं और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद है.

परिवार की जिम्मेदारी ने तोड़ा महिला का मन

पीड़िता पीतमपुरा की झुग्गियों में रहती है और मंगोलपुरी की एक फैक्ट्री में काम करती है. उसने पुलिस को बताया कि उसके पति लंबे समय से बीमार हैं और घर की पूरी जिम्मेदारी उसी पर है. महिला की तीन छोटी बेटियां हैं. यही वजह रही कि उसने अस्पताल में भर्ती होने से इनकार कर दिया.

महिला ने कहा कि अगर वह काम पर नहीं जाएगी तो परिवार का गुजारा करना मुश्किल हो जाएगा. इस घटना ने एक बार फिर राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.

यह भी पढ़े 

पीएम मोदी की अपील का असर, साइकिल से कोर्ट पहुंचे जज साहब