Delhi News: घर में मिली दो बहनों की लाश, मां पर हत्या का शक

Updated on 2026-03-06T11:13:33+05:30

Delhi News: घर में मिली दो बहनों की लाश, मां पर हत्या का शक

Delhi News: घर में मिली दो बहनों की लाश, मां पर हत्या का शक

दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में गुरुवार (5 मार्च) की शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. यहां एक घर के अंदर दो सगी बहनों के शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. शुरुआती जांच में शक जताया जा रहा है कि मां ने पहले अपनी दोनों बेटियों की हत्या की और फिर खुद आत्महत्या की कोशिश की.

पुलिस के अनुसार शाम करीब 6:10 बजे मालवीय नगर थाने में कॉल के जरिए सूचना मिली कि घर का दरवाजा काफी देर से बंद है और अंदर से कोई जवाब नहीं मिल रहा. सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची.

जब पुलिस घर पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद था. दरवाजा खुलने के बाद अंदर का दृश्य देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए. घर के अलग-अलग कमरों में दो बहनों के शव मिले.

पुलिस के मुताबिक एक लड़की का शव कमरे में बिस्तर पर मिला, जिसके चेहरे पर तकिया रखा हुआ था. दूसरी लड़की का शव दूसरे कमरे में मिला, जिसकी गर्दन पर फंदा लगा हुआ था. वहीं घर के एक कमरे में दोनों लड़कियों की मां भी बेहोश हालत में मिली. उसे तुरंत ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.

पुलिस की शुरुआती जांच में मामला हत्या के बाद आत्महत्या की कोशिश का लग रहा है. आशंका है कि मां ने पहले अपनी दोनों बेटियों की हत्या की और फिर खुद जान देने की कोशिश की.

फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है. साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस घटना के पीछे क्या वजह रही. पुलिस मां के होश में आने का इंतजार कर रही है, ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके.

पड़ोसी रमेश ठाकुर ने बताया कि सुधीर कपड़ों का काम करते हैं और अपनी पत्नी व दो बेटियों के साथ इस घर में रहते हैं. परिवार के अन्य सदस्य भी इसी मकान में रहते हैं. उन्होंने बताया कि गुरुवार शाम जब लोगों ने पुलिस की गाड़ियां देखीं तो सभी बाहर आ गए.

रमेश ठाकुर के अनुसार घर का दरवाजा अंदर से बंद था, इसलिए वेंटिलेशन के जरिए एक युवक को अंदर भेजा गया और फिर दरवाजा खोला गया. अंदर का नजारा देखकर परिवार के लोग भी हैरान रह गए.

उन्होंने बताया कि बड़ी बेटी की उम्र करीब 32-33 साल थी और वह मानसिक रूप से कुछ परेशान रहती थी, जबकि छोटी बेटी की उम्र करीब 27-28 साल थी और वह लॉ की पढ़ाई कर रही थी. 

पड़ोसी के मुताबिक जब बच्चों की मां को कमरे से बाहर निकाला गया तो उनकी सांसें चल रही थीं. इसलिए आशंका जताई जा रही है कि पहले बेटियों की हत्या की गई और फिर खुदकुशी की कोशिश की गई. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

यह भी पढ़े 

दहेज के दबाव में टूटी जिंदगी, बैंक अधिकारी की पत्नी ने की आत्महत्या