सिलेंडर पर महंगाई का डबल झटका, छोटू गैस भी 261 रुपये महंगी

Updated on 2026-05-01T11:57:17+05:30

सिलेंडर पर महंगाई का डबल झटका, छोटू गैस भी 261 रुपये महंगी

सिलेंडर पर महंगाई का डबल झटका, छोटू गैस भी 261 रुपये महंगी

मई की पहली तारीख आम लोगों और छोटे कारोबारियों के लिए महंगाई का नया झटका लेकर आई है. सरकार ने कमर्शियल LPG सिलेंडर के साथ-साथ 5 किलोग्राम वाले छोटू सिलेंडर यानी फ्री ट्रेड LPG (FTL) के दाम में भी भारी बढ़ोतरी कर दी है. इस बार प्रति छोटू सिलेंडर 261 रुपये का इजाफा किया गया है. खास बात यह है कि बीते महीने भी इसके दाम बढ़े थे, लेकिन तब बढ़ोतरी सिर्फ 51 रुपये हुई थी. अब एक महीने के अंदर दूसरी बार कीमत बढ़ने से लोगों की चिंता बढ़ गई है.

किन लोगों के लिए होता है छोटू सिलेंडर?

5 किलो वाला छोटू सिलेंडर उन लोगों के लिए बेहद सुविधाजनक माना जाता है जिन्हें कम मात्रा में गैस की जरूरत होती है. किराए के मकान में रहने वाले, छोटे परिवार, छात्र, मजदूर या बार-बार जगह बदलने वाले लोग इसका ज्यादा इस्तेमाल करते हैं. भारत पेट्रोलियम इसे भारत गैस मिनी और इंडियन ऑयल इसे इंडेन छोटू के नाम से उपलब्ध कराती है.

इस सिलेंडर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे खरीदने के लिए एड्रेस प्रूफ की जरूरत नहीं होती. सिर्फ आधार कार्ड, वोटर आईडी, पैन कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस जैसे किसी वैध पहचान पत्र के जरिए इसे आसानी से लिया जा सकता है. यही वजह है कि कम आय वाले और अस्थायी रूप से रहने वाले लोगों में इसकी मांग ज्यादा रहती है.

छोटे कारोबारियों पर बढ़ेगा बोझ

छोटू सिलेंडर की कीमत बढ़ने का सीधा असर चाय दुकानों, ठेलों, छोटे ढाबों और स्ट्रीट फूड बेचने वालों पर पड़ेगा. जो लोग कम गैस खपत के कारण यही सिलेंडर इस्तेमाल करते हैं, उनके लिए अब खर्च बढ़ना तय है. पहले ही बढ़ती खाद्य सामग्री की कीमतों से परेशान छोटे व्यापारी अब गैस महंगी होने से और दबाव में आ जाएंगे.

कमर्शियल सिलेंडर ने भी तोड़ी कमर

सिर्फ छोटू सिलेंडर ही नहीं, होटल और रेस्टोरेंट में इस्तेमाल होने वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतें भी लगातार बढ़ रही हैं. साल की शुरुआत में 31 दिसंबर तक जो सिलेंडर 1669 रुपये में मिल रहा था, उसकी कीमत अब 1 मई तक बढ़कर 3099 रुपये पहुंच गई है. यानी सिर्फ चार महीनों में 1430 रुपये का इजाफा हो चुका है.

जनवरी से अप्रैल तक हर महीने कमर्शियल सिलेंडर महंगा हुआ और अब मई में भी राहत नहीं मिली. इसका असर खाने-पीने की चीजों के दाम पर भी देखने को मिल सकता है.

घरेलू सिलेंडर पर फिलहाल राहत

हालांकि घरेलू LPG सिलेंडर के दाम में इस बार कोई बदलाव नहीं किया गया है, लेकिन कमर्शियल और छोटू सिलेंडर की बढ़ी कीमतों ने साफ कर दिया है कि महंगाई की मार अभी थमने वाली नहीं है.

यह भी पढ़े 

Share Market: शेयर बाजार में बड़ा झटका, सेंसेक्स 850 अंक गिरा, निफ्टी भी धड़ाम