Last Updated Apr - 30 - 2026, 11:28 AM | Source : Fela News
Share Market Today: ईरान-अमेरिका तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बीच आज भारतीय शेयर बाजार कमजोर खुला. निवेशकों में सतर्कता देखी गई और शुरुआती कारोबार में गिरावट दर्ज की गई।
Share Market Today on April 30: शेयर बाजार आज भारी दबाव में खुला और शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 850 अंक गिरकर 76,646 के स्तर पर आ गया. वहीं निफ्टी भी 265 अंक टूटकर 23,914 पर कारोबार करता दिखा. वैश्विक स्तर पर बढ़ते तनाव, कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और वॉल स्ट्रीट की गिरावट का सीधा असर भारतीय बाजार पर देखने को मिला.
एशियाई बाजारों में भी कमजोरी का असर
गुरुवार सुबह एशियाई बाजारों में भी नरमी देखने को मिली. जापान का निक्केई 225 इंडेक्स 0.91% गिर गया, जबकि टॉपिक्स में 1.48% की बड़ी गिरावट दर्ज की गई. दक्षिण कोरिया का कोस्पी हल्की बढ़त के साथ 0.36% ऊपर रहा, लेकिन स्मॉल-कैप कोस्डैक 0.25% फिसल गया. हांगकांग का हैंग सेंग फ्यूचर्स 25,729 के आसपास ट्रेड करता दिखा, जो पिछले क्लोजिंग से नीचे है.
वॉल स्ट्रीट पर दबाव का असर
अमेरिकी बाजारों में भी मंगलवार को गिरावट दर्ज की गई. डाउ जोन्स 280 अंक गिरकर 48,861 पर बंद हुआ, जबकि S&P 500 में हल्की गिरावट रही. नैस्डैक में मामूली बढ़त जरूर दिखी, लेकिन कुल मिलाकर बाजार दबाव में रहा. लगातार पांचवें दिन डाउ जोन्स में गिरावट दर्ज हुई है, जिससे वैश्विक निवेशकों की चिंता बढ़ी है.
ईरान-अमेरिका तनाव से बढ़ी अनिश्चितता
ईरान और अमेरिका के बीच परमाणु समझौते को लेकर जारी गतिरोध ने वैश्विक बाजारों में अनिश्चितता बढ़ा दी है. अमेरिकी राष्ट्रपति की सख्त टिप्पणी के बाद भू-राजनीतिक तनाव और गहरा गया है, जिसका असर निवेशकों की धारणा पर साफ दिख रहा है.
कच्चे तेल की कीमतों में तेजी
कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उछाल जारी है. WTI क्रूड 107 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर ट्रेड कर रहा है, जबकि ब्रेंट क्रूड 120 डॉलर के करीब पहुंच गया है. बढ़ती कीमतों से महंगाई का दबाव और गहराने की आशंका जताई जा रही है.
बाजार में आगे भी रह सकता है दबाव
वैश्विक संकेतों, तेल की बढ़ती कीमतों और ब्याज दरों को लेकर अनिश्चितता के चलते बाजार में अस्थिरता बनी रह सकती है. निवेशकों को फिलहाल सतर्क रुख अपनाने की सलाह दी जा रही है.
यह भी पढ़े