बार-बार मुंह में छाले? नजरअंदाज न करें, गंभीर बीमारी का खतरा

Updated on 2026-01-20T15:20:16+05:30

बार-बार मुंह में छाले? नजरअंदाज न करें, गंभीर बीमारी का खतरा

बार-बार मुंह में छाले? नजरअंदाज न करें, गंभीर बीमारी का खतरा

मुंह में छाले होना आम बात है और यह बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक किसी को भी हो सकता है. अक्सर लोग सोचते हैं कि यह अपने आप ठीक हो जाएगा, लेकिन अगर छाले बार-बार हो रहे हैं तो यह किसी गंभीर समस्या का संकेत हो सकता है. आमतौर पर छाले 7 से 14 दिन में ठीक हो जाते हैं, लेकिन बार-बार होना शरीर में किसी गड़बड़ी की ओर इशारा करता है.

मुंह में छाले होने के कारण

डॉक्टरों के मुताबिक, छालों का सबसे आम कारण विटामिन बी-12, आयरन या फोलिक एसिड की कमी है. इसके अलावा पेट की समस्या, एसिडिटी, कब्ज और ज्यादा मसालेदार या ऑयली खाना भी इसकी वजह बन सकता है. महिलाओं में पीरियड्स के दौरान हार्मोनल बदलाव से भी छाले हो सकते हैं. कमजोर इम्यून सिस्टम और खराब लाइफस्टाइल भी इसके पीछे जिम्मेदार हो सकते हैं.

कब बन सकता है गंभीर बीमारी का संकेत?

अगर किसी को हर महीने छाले हो रहे हैं, उनसे खून आ रहा है या बिना वजह वजन कम हो रहा है, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. अगर कोई एक छाला महीनों तक ठीक नहीं होता है, तो यह ओरल कैंसर का संकेत भी हो सकता है. ऐसे में तुरंत डॉक्टर से जांच कराना जरूरी है. बार-बार छाले होना आंतों की बीमारी, थायराइड, डायबिटीज या कमजोर इम्यून सिस्टम से भी जुड़ा हो सकता है.

किसे ज्यादा खतरा?

तंबाकू या धूम्रपान करने वालों, डायबिटीज के मरीजों, विटामिन बी-12 की कमी वाले लोगों और पेट की समस्या वालों में छालों का खतरा ज्यादा रहता है. ज्यादा मसालेदार खाना खाने वालों को भी यह परेशानी हो सकती है.

छाले होने पर क्या करें?

छाले होने पर मिर्च-मसाले, अचार, तली-भुनी चीजें और खट्टे फलों से बचें. गर्म चाय-कॉफी भी जलन बढ़ा सकती है. ओरल हाइजीन का ध्यान रखें और हल्का, सादा खाना खाएं.

यह भी पढ़ें: 

टाइप 1 डायबिटीज पर बाबा रामदेव के दावे, डाइट-योग चर्चा