Free Fire ID के लालच में बेटे ने उड़ाए पिता के लाखों रुपये

Updated on 2026-05-23T14:40:28+05:30

Free Fire ID के लालच में बेटे ने उड़ाए पिता के लाखों रुपये

Free Fire ID के लालच में बेटे ने उड़ाए पिता के लाखों रुपये

यूपी के गोरखपुर से ऑनलाइन गेमिंग की लत का बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां फ्री फायर गेम की प्रीमियम आईडी पाने के लालच में 11वीं के एक छात्र ने अपने ही पिता के बैंक खाते से करीब 2.96 लाख रुपये साइबर ठगों को ट्रांसफर कर दिए. कई हफ्तों तक परिवार को इसकी भनक तक नहीं लगी और छात्र लगातार ठगों के जाल में फंसता चला गया.

जानकारी के मुताबिक, छात्र लंबे समय से फ्री फायर गेम खेल रहा था. इसी दौरान सोशल मीडिया और मोबाइल कॉल के जरिए उसकी पहचान कुछ लोगों से हुई, जिन्होंने खुद को गेमिंग एक्सपर्ट बताकर उसे खास गेम आईडी, प्रीमियम फीचर्स और इन-गेम रिवॉर्ड दिलाने का झांसा दिया. गेमिंग के जुनून में छात्र ने चोरी-छिपे अपने पिता के बैंक खाते से अलग-अलग खातों में पैसे भेजने शुरू कर दिए.

मामले की शुरुआत 7 मार्च को हुई, जब छात्र के पास पुष्पेंद्र सिंह नाम के युवक का फोन आया. उसने फ्री फायर की खास आईडी दिलाने का दावा किया और बदले में पैसे मांगे. छात्र ने गूगल पे के जरिए करीब 1.55 लाख रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दिए.

इसके बाद छात्र की पहचान कुनाल नाम के दूसरे युवक से हुई. उसने भी प्रीमियम गेमिंग फीचर्स और एक्सक्लूसिव आईडी दिलाने का झांसा देकर करीब 85 हजार रुपये ऐंठ लिए. भरोसा जीतने के लिए ठग ने छात्र को एक गेम आईडी भी भेजी, जो अब भी उसके पास मौजूद बताई जा रही है.

ठगी का सिलसिला यहीं नहीं रुका. 23 अप्रैल को विनीत कुमार मिश्रा नाम के युवक ने गेम आईडी अपग्रेड कराने के नाम पर छात्र से 56 हजार रुपये और ट्रांसफर करा लिए. इस तरह तीन अलग-अलग साइबर ठगों ने मिलकर छात्र से कुल 2.96 लाख रुपये ठग लिए.

मामले का खुलासा तब हुआ, जब पिता ने बैंक खाते से लगातार पैसे कटते देख जांच की. बैंक स्टेटमेंट देखने के बाद परिवार के होश उड़ गए. पूछताछ में बेटे ने पूरी घटना बताई, जिसके बाद परिवार ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई.

गोरखपुर साइबर थाना पुलिस अब उन बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की जांच कर रही है, जिनमें पैसे भेजे गए थे. साइबर थाना प्रभारी राशीद खान के मुताबिक, मामले में जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है.

यह भी पढ़े 

थाईलैंड ने बदले नियम, भारतीयों की Visa-Free एंट्री पर रोक