ईरान का बड़ा ऑफर: अमेरिका को दरकिनार कर सीधे तेल डील करें
ईरान का बड़ा ऑफर: अमेरिका को दरकिनार कर सीधे तेल डील करें
ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपना नियंत्रण होने का दावा करते हुए दुनिया के देशों को सीधा डील करने का ऑफर दिया है। ईरान सूचना परिषद के प्रमुख इलियास हजरती ने कहा कि यूरोप, एशिया और अरब देशों के साथ इस मार्ग के इस्तेमाल को लेकर समझौते करने के लिए ईरान तैयार है। उनका कहना है कि जो भी देश तेल चाहता है, वह सीधे ईरान से बातचीत कर सकता है।
यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने साफ कहा है कि होर्मुज से जुड़े मुद्दों से अमेरिका खुद को अलग रखेगा और बाकी देश अपनी सुरक्षा खुद तय करें। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए हजरती ने ट्रंप के बयान को गैर-जरूरी बताया और दोहराया कि इस क्षेत्र पर ईरान का पूरा नियंत्रण है।
इससे पहले ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची भी इस मुद्दे पर बयान दे चुके हैं। उन्होंने कहा कि होर्मुज ईरान और ओमान के बीच स्थित है, इसलिए यहां के नियम तय करने का अधिकार दोनों देशों के पास है। हालांकि, ओमान ने अब तक इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।
ईरान इस क्षेत्र में एक तरह का ‘टोल सिस्टम’ लागू करना चाहता है, जिसके तहत यहां से गुजरने वाले मालवाहक जहाजों से शुल्क लिया जा सके। इस संबंध में ईरानी संसद की एक समिति प्रस्ताव भी दे चुकी है, जिसमें जहाजों से भुगतान लेने की बात कही गई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फिलहाल ईरान कुछ चुनिंदा देशों के जहाजों को ही होर्मुज से गुजरने की अनुमति दे रहा है और इसके बदले उनसे भारी शुल्क लिया जा रहा है। जहाजों को पहले ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड से अनुमति लेनी होती है और उनके माल व रूट की जानकारी देनी होती है।
कुल मिलाकर, होर्मुज को लेकर बढ़ते तनाव के बीच ईरान का यह कदम वैश्विक तेल सप्लाई और अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर बड़ा असर डाल सकता है।
यह भी पढ़े